Holi 2025: बरसाना में लड्डू मार होली की मची धूम, भक्तों ने पारंपरिक तरीके से जमाए रंग
Holi 2025: होली एक ऐसा त्यौहार है जिसे पूरे देश में धूम-धाम से मनाया जाता है लेकिन इसका असली रंग ब्रज में देखने को मिलता है। वृंदावन और बरसाने में होली मनाने के लिए देश-विदेश से लोग यहां आते हैं होली के समय यहां की रौनक ही अलग होती है। ब्रज में होली द्वापर युग से मनायी जाती है जो राधा-कृष्ण को समर्पित है। यहां की संस्कृति में होली विशेष महत्व रखती है।
उत्तर प्रदेश के बरसाना में श्री लाडलीजी महाराज मंदिर में 'लड्डू मार' होली मनाई जा रही है जिसमें भक्तों की भीड़ होली का जश्न मना रही है।

Holi 2025: बरसाना में होली की धूम
ब्रज की होली से पहले राधा रानी की जन्मभूमी बरसाना में इस उत्सव को धूम-धाम से मनाया जाता है यहां महाशिवरात्रि से ही होली का रंग जमना शुरू हो जाता है। होली से पहले यहां ढ़ोल नगाड़ों और मंजीरों के साथ पारंपरिक चौपाई निकाली जाती है। आज, शुक्रवार 7 मार्च को प्रसिद्ध लड्डू मार होली का आयोजन किया गया जिसके बाद लट्ठमार होली का आयोजन होगा।
Holi 2025: श्री लाडली जी मंदिर में होली का संगम
बरसाना के श्री लाडली जी राधा रानी मंदिर से होली की प्रथम चौपाई निकली तो पूरे मंदिर के प्रांगण में रंग-बिरंगे अबीर गुलाल की धूम मच गई। हर तरफ उल्लास-उमंग का नजारा देखने को मिल रहा है। मंदिर में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ यह आयोजन हुआ, जिसमें भक्त भाव-विभोर होकर झूम उठे। श्रद्धालुओं ने इसे सौभाग्य का प्रतीक मानते हुए इसे अपने जीवन की सबसे यादगार होली बताया।
Holi 2025: पहाड़ी पर स्थित है मंदिर
श्री राधा रानी का ये मंदिर एक पहाड़ी के शिखर पर स्थित है जिसकी ऊंचाई लगभग 250 मीटर है। इस मंदिर को राधा रानी का महल भी कहा जाता है। जिस पहाड़ी पर ये मंदिर स्थित है उसे बरसाना का माथा कहा जाता है। यहां से पूरे शहर की सुंदरता नजर आती है।












Click it and Unblock the Notifications