HC के वकील ने दहेज की खातिर पत्नी को जिन्दा जलाया, अभी 3 दिसंबर को हुई थी शादी
शादी के हफ्ते भर में ही ससुराल वालों ने बात इस हद तक बढ़ा ली कि 11 दिसंबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में जलाकर खुशबू को मार ही डाला गया।
Recommended Video

अमेठी। हफ्ते भर पहले ही शादी की डोर में बंधी नव विवाहिता दहेज की भेट चढ़ गई। नतीजतन उसे इस कदर जलाकर मार डाला गया कि शव को भी पहचानना मुश्किल हो गया। ये घिनौनी वारदात को अंजाम देने का आरोप हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता और उसके परिवार वालों पर लगा है। मामले में पुलिस ने अधिवक्ता और उसके मां-बाप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जिला न्यायालय सुल्तानपुर के अपर जिला जज की अदालत में कार्यरत शासकीय अधिवक्ता रमेशचंद्र सिंह ने बीते तीन दिसंबर को अपनी बेटी खुशबू सिंह (24) का विवाह पड़ोसी जनपद बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित रमवापुर तेलवारी निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ दीपक (एडवोकेट) के साथ संपन्न कराई। जानकारी के मुताबिक उन्होंने बेटी की शादी में अपनी क्षमता के हिसाब से काफी खर्च भी किया था, लेकिन उतने से आरोपी ससुराली जन तिलकोत्सव से लेकर विवाह संपन्न होने तक लेन-देन को लेकर संतुष्ट नही दिख रहे थे। फिलहाल खुशबू के घर वालों ने इस बात को आम मानते हुए शादी के बाद सब कुछ ठीक हो जाने का भरोसा कर लिया और लड़की विदा कर दी।

3 दिसंबर को की शादी, 11 को कर डाली हत्या
आरोप के मुताबिक विवाह के बाद खुशबू अपने ससुराल गई तो उसके मायके वालों ने 4-5 दिनों बाद विदाई के संबंध में ससुराल वालों से बातचीत की तो वो लोग विदाई को लेकर भी टाल-मटोल करने लगे। इसी बीच ससुराल वालों ने बात इस हद तक बढ़ा ली कि 11 दिसंबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में जलाकर खुशबू को मार ही डाला गया। आवासीय परिसर में हुई इतनी बड़ी वारदात से ससुराल वाले स्वयं को अंजान बताकर मामले को छिपाने का भी भरपूर प्रयास कर रहे है और अपने को बेकसूर बताते हुए इसे मात्र हादसे का रूप देना चाह रहे हैं। फिलहाल शुरुआत से ही मायके वालों को ससुराल वालों की बात का यकीन नहीं हो रहा है। इस घटना की सूचना मिलते ही शासकीय अधिवक्ता रमेशचंद्र सिंह अपनी बेटी के घर पहुंचे जहां पर ये वारदात देखते ही वो अवाक रह गए।

दहेज की खातिर ससुराल वालों ने जिंदा जला दी बहू
जानकारी के मुताबिक खुशबू को इस तरह जला दिया गया है कि उसका शव एक गट्ठर की तरह हो गया है। उसके शव को पहचानना भी मुश्किल है। इस घटना के संबंध में शासकीय अधिवक्ता रमेश चंद्र सिंह ने मृतका के पति धर्मेंद्र सिंह उर्फ दीपक, ससुर मथुरा सिंह, सास धनपता, सीतापुर सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे वकील जेठ पप्पू सिंह, जेठानी और ननद आदि के खिलाफ रामनगर थाने में तहरीर दी है।

हिरासत में आरोपी ससुराल वाले
घटना की सूचना पाते ही मौके पर एएसपी, सीओ समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंच गए। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने अपने समर्थकों की मदद से विवाद भी करना चाहा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति, सास-ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications