'वह सिर्फ मगरमच्छ के आंसू बहा रहे हैं', अवधेश प्रसाद के रोने पर बोली बीजेपी, देखिये VIDEO
UP News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक खेत में युवती के शव मिलने के बाद में सियासत गरमा गई है। इस यूपी महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या ने कहा, "यह एक बहुत दुखद घटना है। मैं यहां पीड़ित परिवार से मिलने आई हूं। मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि न्याय मिलेगा। जिसने भी यह अपराध किया है, उसे यह समझना चाहिए कि राज्य में योगी सरकार है और परिवार को न्याय मिलेगा।
इस मामले में योगी सरकार के मंत्री स्वातंत्र देव सिंह ने कहा, "यह जो ड्रामा वह कर रहे हैं, वह क्या है? राज्य में कानून-व्यवस्था है। कोई भी आरोपी नहीं बचेगा। समाजवादी पार्टी की सरकार राज्य में नहीं है। आरोपी को सजा मिलेगी। वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद द्वारा इस घटना पर आंसू बहाने पर यूपी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा, "वह सिर्फ मगरमच्छ के आंसू बहा रहे हैं।

जब रोने लगे अवधेश प्रसाद,दी इस्तीफे की धमकी
अयोध्या में दलित युवती की हत्या पर प्रेसवार्ता करते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद फफक-फफक कर रोने लगे थे। अपनी प्रेसवार्ता में सपा सांसद ने कहा, "अगर दलित बेटी को न्याय नहीं मिला तो मैं अपने लोकसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे दूंगा।"
वहीं, मिल्कीपुर सीट पर चुनाव प्रचार करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद के रोने पर सीएम योगी ने मंच से कहा, "यहां का सांसद जो नौटंकी कर रहे हैं, न देखिएगा। जब जांच खत्म होगी और जब सच सामने आएगा तो इसमें भी किसी समाजवादी पार्टी के आदमी का ही हाथ होगा।"
क्या है मामला?
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में एक 22 वर्षीय दलित युवती का निर्वस्त्र शव एक खेत में मिला है। युवती की हत्या की गई है और उसकी आंखें निकाल ली गई थीं। पुलिस ने इस मामले में सामूहिक बलात्कार की आशंका जताई है। इस घटना ने राज्य में राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है, और सभी पक्षों ने न्याय की मांग की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष तिवारी ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शनिवार को युवती का शव बरामद किया गया। शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि मृत युवती की बड़ी बहन और गांव की दो महिलाएं इसे देखकर बेहोश हो गईं।
परिजनों ने लगाए बड़े आरोप
परिजनों के अनुसार, युवती गुरुवार रात 10 बजे किसी धार्मिक आयोजन में जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने गांव में उसकी तलाश की।
परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह युवती की सक्रियता से तलाश करने के बजाय महज खानापूर्ति कर रही थी। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह युवती के जीजा को उसका शव गांव से आधा किलोमीटर दूर छोटी नहर में मिला। परिजनों ने बताया कि युवती की आंखें निकाल ली गई थीं, उसके शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई थीं, और उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। चेहरे और कपाल पर गंभीर जख्म के निशान थे।












Click it and Unblock the Notifications