हापुड़: घायल व्यक्ति को घसीटने पर यूपी पुलिस ने मांगी माफी, 3 पुलिसवाले लाइन हाजिर
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुआ में कुछ अज्ञात लोगों ने 'गोकशी' के आरोप में कासिम नामक एक मुस्लिम शख्स को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था जबकि दूसरे साथी को बुरी तरह से घायल कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे थे जब यूपी पुलिस पर खून से लथपथ कासिम को हाथ-पैर पकड़ कर लटकाते ले जाने का आरोप लगा और इसकी एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी थी।

यूपी पुलिस ने मांगी माफी
दरअसल, हापुड़ में गोकशी के शक में भीड़ ने कासिम और समीउद्दीन नाम के दो व्यक्तियों की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। इसकी सूचना पुलिस को मिली तब 3 पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और घायल कासिम को हाथ-पैर पकड़ लटकाते गाड़ी तक ले गए लेकिन इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे जिसके बाद यूपी पुलिस को अपनी संवेदनहीनता का एहसास हुआ और ट्विटर पर उन्होंने माफी भी मांगी।
तीन पुलिसवालों को किया गया लाइन हाजिर
गुरुवार शाम यूपी पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से माफी मांगी। यूपी पुलिस ने ट्वीट किया, 'हम इस घटना के लिए माफी चाहते हैं, तीन पुलिसवालों का ट्रांसफर पुलिस लाइन कर दिया गया है और जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बता दें कि शुरूआती खबरों के मुताबिक, गांव वालों ने कासिम पर आरोप लगाते हुए पुलिस से कहा था कि करीब आधा दर्जन लोग पास के गांव से खेतों के रास्ते 3 गायों को काटने के लिए लेकर जा रहे थे, जैसे ही ये सूचना मिली तो मौके पर पहुंचकर गांव वालों ने उनकी पिटाई कर दी, जिसमें 4 लोग भाग गए जबकि दो लोग वहीं रह गए, उनके पास से 3 गाय भी बरामद हुई। पुलिस ने 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और उनका कहना है कि घायल समीउद्दीन ने किसी की पहचान नहीं की है। पुलिस केस में किसी जानवर से जुड़े मामले का कोई जिक्र नहीं किया गया है और इसे रोड रेज का मामला बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications