'शादी से पहले करियर जरूरी', महोबा में सिर पर पगड़ी, हाथों में मेहंदी लगाए UP पुलिस परीक्षा देने पहुंचा दूल्हा
Mahoba Groom UP Police Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान 18 फरवरी को एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जिसने सबको एक बारगी हैरान कर दिया। हुआ यूं कि एक दूल्हा अपनी बारात से पहले महोबा में पुलिस भर्ती परीक्षा देने एग्जाम सेंटर पहुंचा, जिसको वहां देखकर हर कोई देखता रह गया।
यूपी के महोबा में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान एक दूल्हा भी अपने करियर को लेकर सजग नजर आया और वो दुल्हन के दरवाजे से पहले परीक्षा केंद्र के गेट पर पहुंचा। युवक हाथों में मेहंदी, सिर पर साफा और कोट-पेंट पहने परीक्षा सेंटर पर एग्जाम देने आया था।

लाइन से हटकर स्वागत, ली सेल्फी
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने पहुंचे दूल्हे का नाम प्रशांत यादव हैं, जो महोबा की मां चंद्रिका महिला महाविद्यालय में दूसरी पाली का पेपर देने पहुंचा था। पुलिस कर्मियों ने भी अभ्यार्थी दूल्हे का स्वागत लाइन से हटकर किया। इतना ही नहीं दूल्हे प्रशांत यादव के साथ सेंटर पर मौजूद पुलिसकर्मी सेल्फी खिंचवाते नजर आए।
दूल्हा बोला- शादी से पहले करियर जरूरी
परीक्षा के दिन ही शादी होने पर भी युवक का जज्बा शादी पर भारी पड़ता दिखा और वो बारातियों के साथ ही परीक्षा सेंटर पर पहुंच गया। वहीं प्रशांत यादव ने बताया कि शादी से पहले करियर जरूरी है। दूल्हे के परिजनों ने परीक्षा केंद्र के बाहर उसका इंतजार किया।
काफी वक्त से कर रहा था तैयारी
वहीं परीक्षा पूरी करने के बाद अभ्यार्थी दूल्हा एग्जाम सेंटर से सीधे बारात लेकर रवाना हुआ। इस दौरान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक की तारीफ करते हुए उसे शुभकामनाएं दी। प्रशांत ने कहा कि वह पुलिस सेवा में नौकरी पाकर देश सेवा करना चाहता है। यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए युवक काफी वक्त से तैयारी कर रहा था।
इंस्टाग्राम पर ऑल इंडिया रेडियो न्यूज के ऑफिशियल अकाउंट @airnewsalerts से यह पोस्ट किया गया है। जिस पर यूजर भी जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications