UP Glogal Investor Summit 2023: यूपी में निवेश को लेकर कई देशों ने दिखाया उत्साह, ये हैं सरकार के दावे
उत्तर प्रदेश में Glogal Investor Summit 2023 को लेकर यूपी सरकार की ओर से विदेशों में रोड शो आयोजित किए गए हैं। कई मंत्री अलग अलग देशों के दौरे पर हैं। अब देखना यह है सरकार के दावे के मुताबिक यूपी में कितना निवेश आता है।

UP Glogal Investor Summit 2023: उत्तर प्रदेश में फरवरी में होने वाली ग्लोबल इनवेस्टर समिट को लेकर सरकार ने जोर शोर से तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर विदेशों में रोड शो आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें कई मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभिन्न देशों में गए प्रतिनिधिमंडल वहां से निवेश लाने के लिए औद्योगिक समूहों को आश्वस्त करने में जुटे हुए हैं। इस बीच विदेश दौर से वापस लौटे औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने का कहना है कि उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 से पहले जर्मनी, बेल्जियम और स्वीडन में राज्य सरकार के रोड शो को निवेशकों से 'जोरदार प्रतिक्रिया' मिली है।

कई कम्पनियों के साथ हुआ निवेश को लेकर हस्ताक्षर
नंदी के मुताबिक, तीन देशों के उद्यमियों और कंपनियों ने उत्तर प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों के लिए करोड़ों रुपये के समझौता ज्ञापन और निवेश प्रस्तावों पर हस्ताक्षर किए। नंदी यू.पी. लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के साथ तीन देशों के नौ दिनों के दौरे के बाद लखनऊ लौट आए। उन्होंने कहा कि यूपी एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट- 2023 के दौरान जर्मनी, बेल्जियम और स्वीडन की कंपनियां उत्तर प्रदेश में कदम रखेंगी।

कई जर्मन कम्पनियों को आमंत्रित किया गया
सैमसन, कॉन्टिनेंटल एजी, इनोप्लेक्सस एजी, जैक टेक्नोलॉजीज, जीएमबीएच जैसी जर्मन कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया है। जर्मन निवेशकों ने राज्य में लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, हेल्थकेयर, फार्मा, टूरिज्म और ऑटोमोबाइल सेक्टर में दिलचस्पी दिखाई है। बेल्जियम में, उद्यमियों ने इलेक्ट्रिक वाहनों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, खाद्य प्रसंस्करण कपड़ा और परिधान क्षेत्रों में निवेश करने की इच्छा व्यक्त की। बेल्जियम का जेमिनी कॉर्पोरेशन ₹200 करोड़ के निवेश से वाराणसी में एक प्लास्टिक रीसाइक्लिंग प्लांट स्थापित करेगा। बेल्जियम बेवरेजेज को राज्य में डिस्टिलरीज, बेवरेजेज और वाइन यूनिट लगाने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि बेल्जियम की अग्रणी कंपनी सिम्पेट टेक्नोलॉजीज के साथ कचरा प्रबंधन और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा हुई।

स्वीडन की कम्पनी ने चार हजार करोड़ निवेश की इच्छा जताई
स्वीडन की आईकेईए ने उत्तर प्रदेश में खुदरा स्टोर और मॉल खोलने के लिए ₹4000 करोड़ निवेश करने की इच्छा व्यक्त की है। कंपनी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। स्वीडन की रक्षा, कपड़ा, परिधान, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल, सौर ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन कंपनियों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वीडन की हथियार निर्माता कंपनी साब एबी ने उत्तर प्रदेश में हथियार निर्माण संयंत्र स्थापित करने की इच्छा जताई है।

रोड शो के दौरान कई क्षेत्रों में मिले निवेश के प्रस्ताव
नंदी ने कहा, "रोड शो के दौरान हमें रक्षा, फिल्म सिटी, ऑटोमोबाइल, कचरा प्रबंधन और अन्य क्षेत्रों में निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि विदेशों के निवेश से नए उत्तर प्रदेश के औद्योगीकरण और आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य मजबूत, समावेशी और आत्मनिर्भर बनेगा। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 विपक्षी दलों को करारा जवाब होगा, जो उत्तर प्रदेश में निवेश और रोजगार पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10-12 फरवरी के बीच लखनऊ में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा है।

यूपी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल हुए थे पीएम मोदी
उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का भव्य आयोजन किया था। इसमें पीएम मोदी भी शामिल हुए थे। इस दौरान मोदी ने कहा था कि यूपी देश का ग्रोथ इंजन बन सकता है। पीएम मोदी के इस दावे को हकीकत में बदलने की तैयारी अब योगी आदित्यनाथ ने शुरू कर दी है। सरकार ने अब ग्लोबल इन्वेस्टर समिट कराने का निर्णय लिया है जिसमें दस लाख करोड़ के औद्योगिक निवेश का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कई देशों में रोड शो भी आयोजित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications