यूपी के चुनावी मैदान में गाजियाबाद-एनसीआर के करोड़पतियों का बोलबाला
गाजियाबाद, एनसीआर में सबसे अधिक करोड़पति उम्मीदवार मैदान में, 10 में से 9 करोड़पति उम्मीदवार गाजियाबाद में।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चुनाव का बिगुल फुंक चुका है और तमाम उम्मीदवार अपना नामांकन भी दाखिल करना शुरु कर चुके हैं। लेकिन इन उम्मीदवारों ने जो नामांकन पत्र दाखिल किया है उससे कई बड़े आंकडे सामने आए हैं, पहले चरण के लिए जिन उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है उसपर नजर डालें तो 10 ऐसे उम्मीदवार जो सबसे अमीर हैं उनमें 9 उम्मीदवार एनसीआर व गाजियाबाद के हैं।

अपराधियों और पैसे का बोलबाला
नामांकन पत्रों का विश्लेषण करें तो जिन पांच उम्मीदवारों के खिलाफ सबसे अधिक आपराधिक मामले हैं उसमें सबसे अधिक पांच उम्मीदवार गाजियाबाद के हैं। द एसोसिएशन फॉर डेमोक्रैटिक रिफॉर्म के आंकड़ों पर अहमदाबाद के एक्टिविस्ट ने जो विश्लेषण किया है उसमें यह तमाम चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। समाजवादी पार्टी छोड़ बसपा में शामिल हुए सुधान रावत जोकि गाजियाबाद के मुरादनगर से चुनाव लड़ रहे हैं वह सबसे अमीर उम्मीदवारों की लिस्ट में 10वें नंबर पर हैं। रावत के पास कुल 33.30 करोड़ रुपए की संपत्ति है, इस लिस्ट में कांग्रेस के नजीर अहमद सबसे उपर हैं और उनके पास कुल 211 करोड़ रुपए की संपत्ति है। नजीर अहमद कांग्रेस के टिकट पर दक्षिणी आगरा से चुनावी मैदान में हैं। वहीं सुनील चौधरी जोकि समाजवादी पार्टी के टिकट से मैदान में हैं वह सबसे अमीर उम्मीदवारों की लिस्ट में उनका नाम भी है।

कई उम्मीदवारों ने नहीं भरा इंकम टैक्स रिटर्न
गाजियाबाद में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नंद किशोर गुज्जर जोकि इस बार गाजियाबाद की लोनी सीट से चुनावी मैदान में हैं उनके खिलाफ सबसे अधिक आपराधिक मामले हैं। गुज्जर आगरा सेना नाम की समाजसेवी संस्था चलाते हैं, उनके खिलाफ कुल पांच आपराधिक मामले हैं, जिसमें से तीन मामलों में उनके खिलाफ आरोप तय हो चुके हैं, हालांकि अभी तक उनके खिलाफ किसी भी मामले में अपराधी नहीं ठहराया है। एनसीआर में करोड़पति उम्मीदवारों की सबसे अधिक संख्या है, इन करोड़पति उम्मीदवारो में से तीन ने अपना इंकम टैक्स रिटर्न तक नहीं भरा है, इन लोगों ने अपने नामांकन में रिटर्न का सर्टिफिकेट नहीं जमा किया।

बसपा में भी करोड़पतियों का बोलबाला
इन उम्मीदवारों में बसपा के जाकिर अली है जोकि लोनी से चुनावी मैदान में हैं और उनकी कुल घोषित संपत्ति 18 करोड़ रुपए है। वहीं वहाब चौधरी ने भी अपना आयकर रिटर्न नहीं जमा किया है, वह भी बसपा के टिकट पर मोदी नगर से चुनाव लड़ रहे हैं और उनकी कुल घोषित संपत्ति 7.72 करोड़ रुपए है।

गाजियाबाद से सबसे अधिक आपराधिका मामलों के उम्मीदवार मैदान में
राष्ट्रीय जनहित संघर्ष पार्टी के नेता प्रेम सिंह जोकि नोएडा सीट से मैदान में हैं उनके पास कुल 5.30 करोड़ रुपए की संपत्ति है, उन्होंने भी अपना आयकर रिटर्न का सर्टिफिकेट जमा नहीं किया गया है। गाजियाबाद की मोदीनगर सीट पर सबसे अधिक आपराधिक मामलों के आरोपी पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। दादरी में तीन उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले हैं तो दादरी व लोनी के उम्मीदवारों पर भी कई आपराधिक मामले हैं।












Click it and Unblock the Notifications