UP News: सिविज जज 'ज्योत्सना राय' की मौत पर प्रियंका गांधी ने योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
Uttar Pradesh News: बदायूं में सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में राजनीतिक सरगर्मी तेज होते दिख रही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने इस मामले में योगी सरकार की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किये हैं।
प्रियंका गांधी ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि उत्तर प्रदेश के बांदा में कुछ हफ्ते पहले एक महिला जज ने इच्छा मृत्यु मांगी। अब बदायूं में एक महिला जज का शव उनके घर में पाया गया है, जिसकी जांच पर उनके परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा राज में महिला जजों की सुरक्षा का ये हाल है तो सोचिए कि एक सामान्य लड़की हर दिन किस भय के साथ जीती होगी।

उन्होंने एनसीआरबी के आकंडों को दर्शाते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में उत्तर प्रदेश नंबर-1 है। हर घंटे आठ महिलाएं अपराध का शिकार बनती हैं। उप्र महिलाओं के लिए पूरी तरह असुरक्षित हो चुका है, क्योंकि सुरक्षा के सारे बड़े-बड़े दावे सिर्फ विज्ञापनों में हैं। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के आंकड़े यह दिखाते हैं कि सरकार असल में महिला सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर है। अब महिलाओं और समाज की जागरूकता ही उन्हें दमन और हिंसा के इस भंवर से निकालेगी।
बदायूं में शनिवार सुबह सरकारी आवास में सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय (29) का शव फंदे से लटका मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके आवास का दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा। पुलिस के मुताबिक छानबीन में कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला था। वहीं, उनके पिता अशोक राय ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की छानबीन चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications