लखनऊ: अखिलेश के बाद अब मुलायम सिंह ने भी छोड़ा सरकारी बंगला, सामान निकलना शुरू
लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब मुलायम सिंह यादव ने भी अपना सरकारी बंगला छोड़ दिया है। अखिलेश यादव के साथ-साथ मुलायम सिंह यादव के बंगले से भी सामान शिफ्ट किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पूर्व मुख्यमंत्रियों को आवंटित बंगला खाली करने का नोटिस दिया गया है। राज्य संपत्ति विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्रियों को बंगला खाली करने का समय 2 जून तक दिया था।

अखिलेश यादव 4 विक्रमादित्य मार्ग और मुलायम सिंह यादव 5 विक्रमादित्य मार्ग पर रहते हैं। अखिलेश यादव के घर का सामान बुधवार को ट्रकों से भरकर सहारा सिटी में शिफ्ट होना शुरु हो गया था। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि मुलायम सिंह यादव कहां शिफ्ट हो रहे हैं। कयास है कि वह भी सहारा सिटी शिफ्ट हो सकते हैं। मुलायम परिवार का सहारा सिटी से पुराना नाता है।
अखिलेश जब 15 मार्च 2012 को जब वह मुख्यमंत्री बने थे तो उनके सम्मान में सहारा शहर में भोज रखा गया था। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी अपने मुख्यमंत्रित्व काल से सहारा शहर आते-जाते रहे हैं। सहारा श्री सुब्रत राय के यादव परिवार से काफी पुराने संबंध रहे हैं। सहारा सिटी सुरक्षा के लिहाज से काफी बेहतर मानी जाती है। सहारा शहर में ऊंची दीवारें हैं और चारों ओर तार के बाड़ लगे हुए हैं। कई जगह वॉच टॉवर लगे हैं यहीं नहीं पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरनी में रहता है। सहारा सिटी की सुरक्षा व्यवस्था काफी पुख्ता मानी जाती है।
अखिलेश ने मंगलवार को बताया था कि उनका घर बनने लगा है। वह भी मुख्यमंत्री के बंगले के पीछे। पहले तो हम दूर थे, लेकिन अब हमारा घर सीएम के घर के पीछे होगा। बंगले खाली करने के मुद्दे पर मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। उन्होंने सीएम योगी से दोनों बंगले अहमद हसन और रामगोविंद चौधरी के नाम पर आवंटित करने की मांग की थी, लेकिन योगी ने उनकी मांग मानने से इंकार कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications