UP News: मऊ में घर पहुंचने से पहले उजड़ा परिवार, शादी कर लौट रहे 5 लोगों की मौत, खुशियां मातम में बदलीं
Mau Road Accident: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक अत्यंत हृदयविदारक खबर सामने आई है। रांची में अपनी बेटी का विवाह संपन्न कराकर गोरखपुर लौट रहा एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल 5 लोगों और उनके पालतू कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।
शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे, मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के रानीडीहा गांव का यह परिवार स्कॉर्पियो कार से वापस लौट रहा था। अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में जान गंवाने वाले मृतक
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- विनय श्रीवास्तव (53)
- अर्चना श्रीवास्तव (48) (विनय श्रीवास्तव की पत्नी)
- कृतार्थ श्रीवास्तव (27) (विनय श्रीवास्तव का पुत्र)
- रविन्द्र यादव (20) (निवासी: गया, बिहार)
- पुरुषोत्तम कुमार (28) (निवासी: गया, बिहार)
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मऊ जिला अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया है। फिलहाल प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications