Yamuna Expressway Accident: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, गमी में शामिल होने जा रहे थे सभी
शुक्रवार की देर रात यमुना एक्सप्रेस-वे एक बार फिर खून से लाल हो गया। दिल्ली से झारखंड जा रहे एक ही परिवार के 5 लोगों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि एक ईको कार को ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी, जिसमें कार के परखच्चे उड़ गए। पीड़ित परिवार अपने गाँव एक गमी में शामिल होने जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में रहकर कारोबार करने वाले मूलरूप से झारखंड निवासी 'उपेंद्र बैठा' के साले की शुक्रवार को मौत हो गई थी। सूचना के बाद पूरा परिवार ईको कार से रात में ही गाँव के लिए निकल गया था। इसी बीच यमुना एक्सप्रेस-वे पर रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में जीरो पॉइंट से करीब 25 किमी की दूरी पर एक ट्रक ने पीछे से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सभी लोग बेहद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रबूपुरा पुलिस और एक्सप्रेस-वे कर्मियों ने कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उपेंद्र, बिजेन्द्र, कांति देवी, कुव ज्योति और सुरेश की मौत हो गई।

वहीं हादसे में घायल सूरज, आयुष और आर्यन की हालत गंभीर बनी हुई है। इस बारे में ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार का कहना है कि हादसा काफी भयानक है। जिसमें पांच की मौत हुई है। जबकि तीन की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications