बुलंदशहर: बच्चे की पीठ जली, डॉक्टर ने इलाज करने से इनकार किया
बुलंदशहर। गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुए बच्चों की मौत के बाद से भी डॉक्टर सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बुलंदशहर के जिला अस्पताल में सामने आया है। यहां गर्म दूध से जले एक मासूम बच्चे को डॉक्टरों ने देखने तक की जहमत नहीं उठाई। बच्चे के मां-बाप ने जब डॉक्टरों से हाथ जोड़कर गुहार लगाई तो डॉक्टरों ने बच्चे को देखे बिना ही शरीर के जले हिस्से को पानी से धोने के आदेश दे दिए। पानी से धोने की बात सुनकर बच्च के पिता फैमुद्दीन अचंभित रह गए। फिर भी वह बाहर टंकी पर गए और बच्चे के शरीर को पानी से धो लाया।

पानी से धोने के बाद डॉक्टर ने फैमुद्दीन से कहा कि कपड़े से बच्चे को पोंछ दे। आपको बता दें कि शरीर के किसी भी जले हुए अंग को केवल कॉटन से साफ किया जाना चाहिए। लेकिन डॉक्टर ने न तो पोंछने के लिए कॉटन दिया और ना ही खुद उठकर बच्चे को देखने आए। बाद में डॉक्टर ने फार्मासिस्ट को आदेश देकर बच्चे के पीठ पर एक मरहम लगवा दिया और घर जाने को बोल दिया।
शिकायत के बाद अधिकारियों ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। आपको बता दें कि बीते कुछ दिनों से चिकित्सकों के लापरवाही की कई खबरें सामने आई हैं। कभी लापरवाही से ऑपरेशन करना, तो कभी लापरवाही करते हुए मरीजों की ओर कोई ध्यान नहीं देना। कई बार तो चिकित्सकों की लापरवाही से मरीज की मौत भी हो चुकी है। मगर स्वास्थ्य अफसरों ने ऐसे लापरवाह चिकित्सकों पर कोई कार्रवाई नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications