योगी सरकार भूल गई स्वेटर बांटने का वादा, ठंड में ठिठुर रहे स्कूली बच्चे
स्कूली बच्चों को स्वेटर ना बांटे जाने पर समाजवादी पार्टी ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा है
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गरीब बच्चे ठंड में ठिठुरने को मजबूर हो गए हैं। राज्य सरकार ने गरीबो के लिए कई ऐलान किए थे। जिसमे से एक बड़ा ऐलान था कि इसी सत्र से सभी सरकारी स्कूली बच्चों के लिए ड्रेस, स्वेटर, जूते मोजे और किताबें सरकार मुहैया कराएगी। सरकार ने वादा पूरा करते हुए सभी चीजे बच्चो को मुहैया करा दी है। लेकिन ठंड शुरू होने के बाद भी बच्चों को स्वेटर नहीं मिले हैं। ऐसा लगता है कि योगी आदित्यनाथ का यह फरमान कागजों तक सिमट कर रह गया। स्वेटर ना मिलने पर स्कूली छात्रों में भी निराशा है।

समाजवादी पार्टी ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा
स्कूली बच्चों को स्वेटर ना बांटे जाने पर समाजवादी पार्टी ने यूपी की योगी सरकार पर निशाना साधा है। सपा नेता राजेंद्र चौधरी सूबे की सरकार पर गैरजिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। राजेंद्र चौधरी ने कहा कि आधा दिसंबर खत्म हो चुका है, ठंड की वजह से बच्चे बीमार हो रहे है और सरकार स्वेटर बांटने का अपना वादा भूल गई है। वहीं यूपी सरकार की तरफ से कहा गया है कि दिसंबर महीने में स्वेटर बांट दिए जाएंगे। स्कूल के शिक्षकों ने व बताया कि 25 दिसंबर से स्वेटर बांटने का काम शुरू होगा।

शिक्षा विभाग दे चुकी है स्वीकृती
आपको बता दें कि सूबे में स्वेटर बांटने को लेकर चुनाव आयोग ने बेसिक शिक्षा परिषद को स्कूलों में निशुल्क स्वेटर बांटने की अनुमति दे दी थी। ये अनुमति यूपी निकाय चुनाव के दौरान ही दी गई थी। इस मामले में शिक्षा विभाग को स्वेटर खरीदने हेतु टेंडर प्रक्रिया बढ़ाने व इसके वितरण को लेकर अनुमति दे दी थी। प्रदेश सरकार ने बेसिक परिषद के स्कूलों में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को सर्द मौसम से बचाने हेतु इस तरह का कार्य करने का निर्णय लिया था। शिक्षा विभाग द्वारा, बेसिक शिक्षा परिषद को स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वेटर वितरण करने के लिए अपनी ओर से स्वीकृत कर दिया है।

सीएम योगी ने किया था वादा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरमान जारी किया था की सूबे के सभी प्राथमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं को ड्रेस के अलावा स्वेटर और जूते-मोज़े भी दिए जाएंगें। लेकिन आधा दिसंबर बीतने के बाद भी सरकारी स्कूलों में नौनिहालों को स्वेटर नहीं बांटे गए हैं। सिस्टम की लेट-लतीफी ठंड से ठिठुरते बच्चों पर भारी पड़ रही है।गौरतलब है कि देशभर में सर्द मौसम का वातावरण है। कई क्षेत्रों में तापमान बेहद कम हो गया है। कुछ क्षेत्रों में सुबह की पारी में लगने वाले स्कूलों में बच्चों की शिफ्ट का समय कम करने की कवायदें की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications