DDU University में पीएम-उषा योजना के अंतर्गत स्थापित होगा अत्याधुनिक एप्पल iMac प्रयोगशाला, होंगे ये फायदे
DDU University Latest News Gorakhpur Uttar Pradesh: दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयूजीयू) उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और तकनीकी उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। विश्वविद्यालय में पीएम-उषा (प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान) के अंतर्गत एक आधुनिक एप्पल iMac प्रयोगशाला की स्थापना की जाएगी।
यह प्रयोगशाला इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अंतर्गत कंप्यूटर विज्ञान विभाग में स्थापित की जाएगी, जिसमें 36 नवीनतम एप्पल iMac सिस्टम लगाए जाएंगे। इस प्रयोगशाला का उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक एवं उद्योग-प्रासंगिक तकनीकी अनुभव प्रदान करना है।

यह प्रयोगशाला छात्रों को ऐप डेवलपमेंट, डिज़ाइन, कोडिंग, और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण देगी। इसमें छात्र Apple के प्रमुख डेवलपमेंट टूल्स - Swift और Xcode का उपयोग कर सकेंगे।
डीडीयूजीयू का लक्ष्य इस प्रयोगशाला के माध्यम से Apple Authorized Training Centre for Education (AATCE) बनने की दिशा में अग्रसर होना है, जिससे छात्र एप्पल प्रमाणित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठा सकें।
प्रयोगशाला की प्रमुख विशेषताएँ:
• 36 आधुनिक Apple iMac सिस्टम - तेज़, विश्वसनीय और शक्तिशाली प्रदर्शन देने वाले सिस्टम
• एप्पल के आधिकारिक टूल्स - Swift प्रोग्रामिंग और Xcode प्लेटफॉर्म का प्रयोग
• प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग - वास्तविक समस्याओं पर आधारित तकनीकी कौशल विकास
• डेटा सुरक्षा और ऊर्जा दक्षता - मशीन पर प्रोसेसिंग से गोपनीयता बनी रहती है
• रेटिना डिस्प्ले - आँखों को आराम देने वाले स्पष्ट दृश्य
• वैश्विक तकनीकी तैयारियों का मंच - छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए तैयार करना
• एप्पल प्रमाणन का मार्ग - छात्रों को वैश्विक मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्राप्त करने का अवसर
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस पहल पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा:
"एप्पल iMac प्रयोगशाला विश्वविद्यालय की तकनीकी क्षमताओं को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी। यह छात्रों को अत्याधुनिक तकनीक से रूबरू कराएगी और उन्हें नवाचार, डिज़ाइन तथा एप्लिकेशन डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में दक्ष बनाएगी। यह कदम डीडीयूजीयू को राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाएगा।"
यह पहल डीडीयूजीयू की आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास और डिजिटल इंडिया के लक्ष्य की दिशा में प्रतिबद्धता को दर्शाती है।












Click it and Unblock the Notifications