यूपी चुनाव: कांग्रेस के 'गढ़' में दिखी प्रियंका, राहुल ने साधा पीएम मोदी पर निशाना
रायबरेली की रैली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया।
रायबरेली। यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का हाथ मजबूत करने की कवायद में जुटे पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को उनकी बहन प्रियंका गांधी का साथ मिल गया है। कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में आयोजित रैली में प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया। हालांकि इस दौरान प्रियंका गांधी रैली को संबोधित नहीं किया। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रिश्ते वादे पूरे करने से बनते हैं।

राहुल गांधी ने साधा पीएम मोदी पर निशाना
रायबरेली की रैली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि जब मैं किसानों के मुद्दे को लेकर उनसे मिलने गया, मैंने उनसे किसानों का कर्ज माफ करने के लिए तो उस समय उन्होंने इस बारे में कुछ भी नहीं किया। अब चुनावी रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि बीजेपी की सरकार आने पर किसानों की कर्ज माफी की जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बस वादा करते हैं। ऐसा ही वादा बिहार मे किया था जहां उन्होंने स्पेशल पैकेज की बात कही थी। कहा था कि बीजेपी की सरकार आएगी तो स्पेशल पैकेज देंगे लेकिन चुनाव हारने के बाद स्पेशल पैकेज भूल गए।
प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी हर जगह से रिश्ता बनाते हैं। उन्होंने वाराणसी में गंगा नदी को मां कह कर संबोधित किया था और कई तरह के वादे किए थे। राहुल गांधी ने कहा कि मां से आपने वादा किया था लेकिन उनके वादे पूरे नहीं किए। रिश्ते वादे पूरे करने से बनते हैं ऐसे नहीं बनते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी माल्या जैसे चोरों को पैसा देते हैं। करीब 50 परिवारों को ही मोदी जी पैसा देते हैं। राहुल गांधी बोले कि अगर कांग्रेस की सरकार बनेगी की तो मेड इन उत्तर प्रदेश पूरी दुनिया में फैलाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि रायबरेली का हक छीना गया।












Click it and Unblock the Notifications