VIDEO: मिर्जापुर के निकाय चुनाव में नामांकन के दौरान भिड़े कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मोदी और जय श्रीराम के साथ वंदे मातरम के नारे लगाने शुरू कर दिए। कांग्रेस के कार्यकर्ता भी कहां पीछे रहने वाले थे, वो भी तुरंत ही राहुल और सोनिया गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।
मिर्जापुर। निकाय चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस और भाजपा के समर्थक आमने-सामने आ गए। कार्यकर्ताओं में जमकर भिड़ंत हुई। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर माहौल को गर्मा दिया। बीजेपी कार्यकर्ता जहां पर पीएम मोदी और जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे तो कांग्रेसी कार्यकर्ता राहुल और सोनिया के नाम के नारों के साथ अपना जबाव देने में जुटे थे। आधा घंटे तक एक-दूसरे के खिलाफ ऐसी ही नारेबाजी होती रही। इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं में नोकझोंक तक हो गई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को समझाकर माहौल को शांत कराया।

नगर निकाय चुनाव के नामांकन के लिए उप जिला अधिकारी सदर के कार्यालय में कांग्रेस नगर पालिका अध्यक्ष के प्रत्याशी माता प्रसाद दुबे और कछवा नगर पंचायत से बीजेपी के प्रत्याशी राजेश जायसवाल पहुंचे थे। दोनों प्रत्याशी कक्ष के अंदर जाकर नामांकन करने में जुटे थे और कक्ष के बाहर दोनों ही दल के समर्थक डटे हुए थे। इसी बीच दोनों समर्थकों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मोदी और जय श्रीराम के साथ वंदे मातरम के नारे लगाने शुरू कर दिए। कांग्रेस के कार्यकर्ता भी कहां पीछे रहने वाले थे, वो भी तुरंत ही राहुल और सोनिया गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।

दोनों दलों के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। लगभग आधा घंटे तक ऐसी ही नारेबाजी होती रही। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को दिखा कर अपनी पार्टी के झंडे लहराना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे दोनों दलों के कार्यकर्ताओं का जज्बा भारी पड़ने लगा और उनमें नोकझोंक हो गई। मिर्जापुर में बीजेपी और कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए अपनी सारी ताकत लगा दी है। दोनों ही पार्टी के नेता जानते हैं कि इस चुनाव में मिली हार का असर क्या होगा। कांग्रेस को जीत मिलती है तो वो अधिक उत्साह के साथ संसदीय चुनाव 2019 लड़ेगी। बीजेपी को हार मिलती है तो संसदीय चुनाव के पहले सीएम योगी आदित्यनाथ की स्थिति कमजोर हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications