'क्या मुझे उन लोगों की आरती करनी चाहिए?', माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई पर बोले सीएम योगी आदित्यनाथ
UP CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार 31 जुलाई को अपनी प्रतिक्रिया दी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की जनता अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई चाहती है।
दरअसल,सीएम योगी आदित्यनाथ समाचार एजेंसी एएनआई पॉडकास्ट में अपनी बात रख रहे थे। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य का तेजी से विकास करना है तो क्या आज के दौर में हमें फावड़े और कुदाल की जरूरत है? या राज्य के विकास के लिए बुलडोजर और आधुनिक मशीनों की आवश्यकता है।

सीएम योगी ने कहा कि पहले अगर कोई काम स्वीकृत होता था तो माफिया आकर अवैध संपत्ति हड़प लेते थे। पिछली सरकारें बैठे लोगों में हिम्मत नहीं थीं कि वो इन माफियाओं को रोक सके और इनके खिलाफ कार्रवाई कर सकें। कहा कि सरकारी संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले माफियाओं पर ये सरकार कार्रवाई कर रही है।
यह ही सरकार का कार्य है और सरकार यह काम कर रही है। इस दौरान सीएम योगी ने उन आरोपों का भी खंडन किया, जिसमें पूछा गया था कि सरकार केवल अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बना रही है। सीएम ने कहा कि कोई निर्दोष मुसलमान आकर मुझे बता दें कि मैं निर्दोष था औऱ मेरे साथ अन्याय हुआ है।
उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि कोई बता दें...कोई नहीं बता सकता। कहा कि न्याय पालिका तो सभी के लिए खुली है ना। किसी ने कानून तोड़ा है, लेकिन उनका घर तोड़ना कहा तक सही है? इस सवाल के जवाब में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर किसी सरकारी संपत्ति पर कब्जा किया है तो उसके लिए क्या करूं आरती लेकर जाऊं?
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता क्या चाहती है? उत्तर प्रदेश की जनता अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई चाहती है। इतना ही नहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने ANI की संपादक स्मिता प्रकाश के साथ पॉडकास्ट इंटरव्यू में कहा कि मैं पिछले सवा 6 साल से अधिक समय से उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री हूं और 2017 से राज्य में कोई दंगा नहीं हुआ।
पिछले 6 वर्षों में कोई कर्फ्यू नहीं लगा, कोई दंगा नहीं हुआ और सभी त्योहार शांतिपूर्वक मनाए गए। हमने दिखावा या पाखंड का सहारा नहीं लिया। हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, और यदि वे सक्षम हैं, तो वे जीतेंगे। यदि हम सक्षम हैं तो हम जीतेंगे, यदि हम सक्षम नहीं हैं, तो हम हार जाएंगे।
यदि व्यक्ति प्रतिद्वंद्वी है और जीतने में सक्षम है, तो उसे जीतना चाहिए। यह एक लोकतांत्रिक अधिकार है। हम उसे इससे वंचित नहीं कर सकते। पश्चिम बंगाल में विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। इस पर कोई नहीं बोलता..सब मौन हैं। इस दौरान ज्ञानवापी मस्जिस्द पर भी बात की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर हम इसे मस्जिद कहेंगे तो विवाद होगा तो हमें इसे ज्ञानवापी ही कहना चाहिए। मस्जिद के अंदर 'त्रिशूल' क्या कर रहा है? हमने तो इसे वहां नहीं रखा ना। अंदर सुरक्षा है, केंद्रीय बल हैं वहां एक 'ज्योतिर्लिंग' है, देवताओं की प्रतिमाएं हैं। आप इतिहास को तोड़-मरोड़ सकते हैं, लेकिन दीवारों पर मौजूद ऐतिहासिक साक्ष्यों को नहीं।
मुझे लगता है कि मुस्लिम पक्ष की ओर से भी यह प्रस्ताव आना चाहिए कि ऐतिहासिक गलती हुई है और उन्हें इसका समाधान निकालना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications