CM Yogi Adityanath ने कहा- त्योहारों में विदेशी नहीं, सिर्फ स्वदेशी खरीदें, यही है सच्ची राष्ट्रभक्ति
CM Yogi Adityanath speech: लखनऊ में शुक्रवार को काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह का समापन एक ऐतिहासिक क्षण में बदल गया। मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सभी से अपील की कि स्वदेशी अपनाएं और तिरंगा को अपने दिल का हिस्सा बनाएं।
समारोह में देशभक्ति की लहर तब और तेज हो गई, जब सीएम ने कहा- "हम जीयेंगे स्वदेशी के लिए, और जियेंगे देश के लिए।" उनके इस आह्वान पर सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों से समर्थन जताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारत की ताकत आत्मनिर्भरता में है, न कि विदेशी वस्तुओं में।

इस मौके पर सीएम ने बलिदानियों को नमन किया, पौधारोपण किया और शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान किया। बालिकाओं के हाथों राखी बंधवाकर उन्होंने बेटियों को मिठाई और चॉकलेट उपहार दीं। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने काकोरी की गाथा को फिर से जीवंत कर दिया।
काकोरी से उठी थी आजादी की चिंगारी
सीएम योगी ने 9 अगस्त 1925 के काकोरी ट्रेन एक्शन को याद करते हुए कहा कि यह घटना भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई में मील का पत्थर साबित हुई। पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाकउल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह और राजेंद्रनाथ लाहिड़ी जैसे वीरों ने जो ज्वाला जगाई, उसी ने देश को 1947 में आजादी दिलाई।
उन्होंने बताया कि उस समय महज ₹4600 ब्रिटिश हुकूमत से लेकर क्रांतिकारियों ने उसे आजादी के प्रयासों में लगाया। लेकिन उन्हें पकड़ने में अंग्रेज सरकार ने लाखों रुपये खर्च किए, और अंततः बिना सुनवाई के उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया गया।
हर घर तिरंगा, हर दिल में देशप्रेम
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा' अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि 13 से 15 अगस्त के बीच हर गली, हर घर, हर मोहल्ला तिरंगे से सजना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि देश की एकता का प्रतीक है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जब हर नागरिक तिरंगा लेकर निकलेगा, तब यह संदेश साफ जाएगा कि भारत किसी भी विभाजनकारी सोच से ऊपर है। यह अभियान आजादी के अमृत महोत्सव को सार्थक बनाने का सबसे प्रभावी तरीका है।
स्वदेशी को जीवन का मंत्र बनाने का आह्वान
सीएम योगी ने त्यौहारों के मौसम में स्वदेशी वस्तुएं खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब हम भारतीय कारीगरों के हाथ का बना सामान खरीदते हैं, तो यह न केवल रोजगार बढ़ाता है बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि भले ही स्वदेशी वस्तुएं थोड़ी महंगी लगें, लेकिन यही खर्च देश के विकास और सुरक्षा में काम आता है। उन्होंने 2 अक्टूबर को गांधी आश्रम जाकर खादी खरीदने का संकल्प लेने का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने काकोरी आंदोलन से जुड़े वीरों के परिजनों को सम्मानित किया और घोषणा की कि मलिहाबाद के आम को 'काकोरी ब्रांड' बनाकर वैश्विक बाजार में पहुंचाया जाएगा। इससे क्षेत्र का विकास होगा और यह क्रांतिकारियों के प्रति श्रद्धांजलि भी होगी।
उन्होंने कहा कि यूपी सरकार स्वतंत्रता सेनानियों की याद में स्मारकों का पुनरुद्धार कर रही है और मैनपुरी एक्शन, चौरी चौरा कांड और काकोरी ट्रेन एक्शन जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों को नई पीढ़ी तक पहुंचा रही है।












Click it and Unblock the Notifications