कर्नाटक कैडेर के IAS अधिकारी अनुराग तिवारी की मौत की होगी CBI जांच- गृह सचिव
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग तिवारी का शव लखनऊ के मीराबाई मार्ग स्थित गेस्ट हाउस में मिला था। बताया जा रहा है कि उनकी मौत दम घुटने की वजह से हुई है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि कर्नाटक कैडेर से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी अनुराग तिवारी की संदिग्ध मौत की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराई जाएगी।
यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (DGP) सुलखान सिंह और प्रमुख सचिव गृह अरविंद की साझा प्रेस वार्ता में दी गई। अरविंद सिंह ने कहा कि घटना की सीबीआई से जांच कराने का निर्णय शासन ने लिया है।

स्थानीय प्रशासन लेगा निर्णय
लखनऊ में हुई प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से डीजीपी सिंह ने सहारनपुर में हुई घटना के मामले पर कहा कि अब वहां शांति है साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और राज्यसभा सांसद मायावती के कल (मंगलवार को) सहारनपुर जाने के कार्यक्रम पर स्थानीय प्रशासन निर्णय लेगा।
डीजीपी ने कहा कि वैज्ञानिक साधनों के आधार पर अपराधों के सबूत इकट्ठा किए जाएंगे और साइबर क्राइम में जांच हेतु इन्वेस्टिगेशन सेल की स्थापना की जाएगी।

SDRF के गठन में आएगी तेजी
वहीं प्रमुख सचिव गृह अरविंद सिंह ने जानकारी दी की स्टेट डिजॉस्टर रेस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) के गठन को लेकर कवायद में तेजी लायी जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि SDRF के गठन के लिए राहत आयुक्त की ओर से 40 करोड़ रुपए की धनराशि दी गई है और इंटेलिजेंस में सुधार की जरूरत है।
जुलाई में संभावित स्थानीय निकाय चुनावों में सुरक्षा के सवाल पर अरविंद सिंह ने कहा कि चुनाव में सुरक्षा चाक चौबंद कराई जाएगी। उहोंने जानकारी भी दी कि पुलिस की भर्ती लिखित परीक्षा के आधार पर होगी, सिर्फ अंकों और साक्षात्कार के आधार पर भर्ती नहीं की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया जल्द होगी पूरी
अरविंद सिंह ने यह जानकारी भी दी कि जो अधिकारी लंबे समय से एक ही जगह हैं उन्हें हटाया जाएगा साथ ही फील्ड अफसरों को इस बात की पूरी छूट दी दई है कि वो अपनी टीम बनाएं। ट्रैफिक के मसले पर सिंह ने कहा कि ट्रैफिक सुधार को लेकर तकनीकी इस्तेमाल से सुधार किया जाएगा साथ ही पुलिस के बर्ताव और ट्रैफिक में सुधार की कोशिश जारी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस में फोर्स की कमी के लिए भर्ती प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। अरविंद सिंह ने कहा कि डायल 100 और जिला पुलिस में समन्वय की आवश्यकता है जिसके लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। सिंह ने प्राथमिकताएं बताते हुए कहा एसओ से लेकर एसएसपी तक की तैनाती मेरिट के आधार पर होगी साथ ही जल्द नए लोग अपनी पोस्टिंग पर ज्वाइन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications