BSP on UCC: 'यूनिफॉर्म सिविल कोड' पर बसपा का क्या है रुख, मायावती ने खुद दी जानकारी
Mayawati on UCC: यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर अब बहुजन समाजवादी पार्टी ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद इसकी जानकारी दी है। मायावती ने कहा कि हमारी पार्टी (बसपा) यूसीसी लागू करने के खिलाफ नहीं है, लेकिन जिस तरह से बीजेपी देश में समान नागरिक संहिता लागू करने की कोशिश कर रही है, हम उसका समर्थन नहीं करते हैं। इस पर राजनीतिकरण करना ठीक नहीं है। इस मुद्दे को उठायें और देश में यूसीसी को मजबूती से लागू करें।

सुभासपा ने भी किया समर्थन
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) का समर्थन किया है। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि देशभर के सभी नागरिकों के लिए एक कानून होना चाहिए और जो कुछ भी देश हित में होगा हम उसका समर्थन करेंगे। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यदि गोवा में यूसीसी लागू है तो अन्य राज्यों में क्यों लागू नहीं हो सकता है?
यूसीसी पर AAP का स्टैंड
दिल्ली और पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी ने 'सैद्धांतिक तौर पर' समान आचार संहिता का समर्थन किया है। पार्टी नेता संदीप पाठक के मुताबिक, 'एएपी सैद्धांतिक रूप से यूसीसी का समर्थन करती है। आर्टिकल 44 भी इसका समर्थन करता है। हमें लगता है कि इसे तभी ही लागू किया जाना चाहिए, जब इसपर सर्वसम्मति हो।'
यूसीसी पर शिवसेना (यूबीटी) का रुख
शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने यूसीसी पर उनसे मिलने पहुंचे मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के लोगों से कहा है कि उनकी पार्टी इसका समर्थन करती है। लेकिन, इसका विभिन्न समुदायों पर क्या असर पड़ेगा, इसके लिए केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण चाहती है।
उद्धव की पार्टी के एक नेता ने नाम नहीं जाहिर होने देने की शर्त पर कहा है कि मुस्लिम प्रतिनिधियों से उद्धव ने कहा है कि बाल ठाकरे के जमाने से उनकी पार्टी इसका समर्थन कर रही है। 'उन्होंने कहा कि हालांकि पार्टी ने सैद्धांतिक तौर पर यूसीसी का समर्थन किया है, लेकिन कानून किस तरह से बनता है, यह भी महत्वपूर्ण है।'
यूसीसी पर एनसीपी का स्टैंड
समान नागरिक संहिता पर एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा है, 'हमने यूसीसी का न तो समर्थन किया है और न ही विरोध। हम सिर्फ यह कह रहे हैं कि इतने बड़े फैसले जल्दबाजी में नहीं होने चाहिए।' उन्होंने कहा, 'अचानक साढ़े नौ साल बाद सरकार अब यूसीसी की बात कर रही है। यह अगले चुनावों को देखते हुए एक राजनीतिक चाल है।'
यूसीसी पर जेडीयू का रुख
जदयू ने यूसीसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को 'पॉलिटिकल स्टंट' बताया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा 'हमारी पार्टी इसे आने वाले आम चुनावों के लिए पॉलिटिकल स्टंट के तौर पर देखती है और मोदी का हालिया बयान का अल्पसंख्यकों के कल्याण से कोई मतलब नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications