पुलिसवाले पिता का मनचला बेटा, बीच में आया लड़की का भाई तो दोनों को फेंक दिया कुंए में
लड़की के भाई राजेश के विरोध पर मनचलों ने उसे कुएं में फेंक दिया। घबराई निशा पहले तो डर से चिल्लाने लगी और फिर शोहदों से भिड़ी तो उसे भी कुएं में फेक कर शोहदे भाग खड़े हुए।
इलाहाबाद। शोहदों ने अपने मंसूबों में कामयाब न होने पर सगे भाई-बहन को कुएं में फेक दिया। जब तक दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना से आहत परिजन बिफर पड़े तो ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। शोहदों की पहचान होने पर दो युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनकी तलाश में छापेमारी की तो दोनों के घरों में ताला लटकता मिला।

बाइक से आए थे मनचले
इलाहाबाद के उतरांव सैतपुर बरेठी गांव निवासी कन्हैयालाल की बेटी निशा ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा थी। जबकि उसका छोटा भाई राजेश नौंवी क्लास में पढ़ता था। शाम को घर के बाहर कुएं के पास निशा मोबाइल पर बात कर रही थी। तभी गांव के ही राजू और आलोक बाइक से आए और निशा से छेड़खानी करने लगे। निशा ने फटकार लगाई तो राजू ने निशा का हाथ पकड़ लिया और अश्लीलता करने लगा। आवाज सुनकर निशा का भाई राजेश भी आ गया और दोनों से भिड़ गया।

दोनों को कुएं में फेंक दिया
राजेश के विरोध पर मनचलों ने उसे कुएं में फेंक दिया। घबराई निशा पहले तो डर से चिल्लाने लगी और फिर शोहदों से भिड़ी तो उसे भी कुएं में फेक कर शोहदे भाग खड़े हुए। कुछ देर बाद परिजन दोनों को ढूढ़ने लगे और निशा के मोबाइल पर फोन किया। कुएं के पास फोन गिरा हुआ था और उसकी आवाज सुनकर परिजन कुएं तक पहुंचे तो सबके होश उड़ गए। निशा और राजेश का शव कुएं में पड़ा था। जल्द ही दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया।
जमकर हुआ हंगामा
सूचना पर पुलिस गांव पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया और जमकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन रात 11 बजे तक हंगामा जारी रहा। एसपी के गांव पहुंचने के बाद आरोपियों के घर दबिश दी गई लेकिन दोनों के घर पर ताला लटकता मिला। पुलिस ने आधी रात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। आरोपी आलोक का पिता पुलिस डिपार्टमेंट में चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी है।
करते थे रोज छेड़छाड़
परिजनों ने बताया की राजू और आलोक आए दिन निशा को परेशान करते थे। इसे लेकर दोनों घरों में विवाद भी हो चुका था लेकिन राजू के पिता पुलिस में हैं इसलिए युवक का मन बढ़ गया था और वो रोज ही निशा को स्कूल आते-जाते और घर के आसपास अकेला पाने पर छेड़छाड़ करता था। कुछ लोग बताते हैं कि निशा उसी लड़के से बात कर रही थी। लेकिन राजेश ने देखा तो वो गुस्से से तिलमिला उठा। अपने बीच रोड़ा बनते देख शोहदों ने उसे कुएं में फेंक दिया। इसके बाद बहन ने बीच-बचाव किया तो उसे भी कुए में फेंक दोनों मनचले फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications