फूलपुर: भाजपा नेता की हत्या के पीछे सपा नेता का नाम सामने आया, पुलिस ने हिरासत में लिया
लखनऊ। इलाहाबाद के फूलपुर में भाजपा नेता की हत्या के बाद इस हत्या के पीछे समाजवादी पार्टी के नेता का नाम सामने आ रहा है। पुलिस ने इस मामले में सपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फूलपुर पुलिस स्टेशन के एसएचओ अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा नेता पवन केसरी अपने घर से अपने दोस्त मोहम्मद आरिफ के साथ स्कूटर से गए थे। वह शेखपुर तकिया गांव जा रहे थे, इस दौरान पवन गाड़ी चला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो बाइक सवारों ने पीछे से उनपर हमला कर दिया।

रास्ते में हुआ हमला
हमले के दौरान आरिफ ने गाड़ी पर से संतुलन खो दिया और दोनों ही स्कूटर से गिर गए। इसके बाद दोनों बदमाशों ने इनपर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। पवन को सीने और सिर में गोली लगी थी। इसके तुरंत बाद आरिफ ने इस घटना की जानकारी पवन के परिवार को दी और उसे अस्पताल लेकर भागा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आपको बता दें कि पवन लोचनगंज वार्ड से भाजपा के पार्षद थे और उनके पत्नी और दो लड़के हैं।
पूरे इलाके में प्रदर्शन
इस हत्या के बाद पूरे इलाके में प्रदर्शन होने लगा, स्थानी लोगों ने तुरंत हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। गंगापार के भाजपा अध्यक्ष अमर नाथ तिवारी ने बताया कि पवन ना सिर्फ पार्षद थे बल्कि वह भाजपा युवा मोर्चा के जनरल सेक्रेटरी भी थे। हमने इसलिए प्रदर्शन नहीं किया क्योंकि पुलिस ने हमे इस बात का भरोसा दिया है कि हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फूलपुर के सीओ अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह मामला पवन के राजनीतिक विरोधी सोनू, सपा नेता परवेज आलम, और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है।
सपा नेता गिरफ्तार
सोनू और परवेज को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। अमित कुमार का कहना है कि पवन के भाई रोहित ने आरोप लगाया है कि पवन की हत्या उसके विरोधी परवेज ने चुनाव में हार के बाद कराई है। पवन के दोस्त आरिफ और तीन स्थानीय लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। इलाहाबाद के समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी ने बताया कि पुलिस ने परवेज के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया हैष हम इस मुद्दे को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने उठाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications