बीजेपी नेता अदिति सिंह के मन में क्या चल रहा?, इस्तीफों की लहर में एक शब्द के पोस्ट से मची खलबली
नई दिल्ली, 12 जनवरी: उत्तर प्रदेश में चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही नेताओं ने दल बदलने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया। उम्मीद जताई जा रही है कि वो समाजवादी पार्टी का दामन थामेंगे। मौर्य के इस्तीफे के बाद से बीजेपी में बगावत का सिलसिला जारी है। अब बीजेपी नेता और रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह के एक पोस्ट को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही है।

अदिति सिंह ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'सब्र'। वैसे तो ये सिर्फ एक शब्द का पोस्ट है, लेकिन चुनावी सीजन होने की वजह से ये तेजी से वायरल हुआ। लोगों को समझ नहीं आ रहा कि अदिति सिंह के मन में क्या चल रहा है। कुछ लोग तो कयास लग रहे कि बीजेपी उनका टिकट काट सकती है, जिस वजह से वो दूसरे दलों की ओर देख रही हैं।
पोस्ट पर कुछ ही घंटों के अंदर सैकड़ों कमेंट आ गए। दीपक नाम के एक शख्स ने कमेंट करके पूछा कि क्या टिकट कट रहा आपका? वहीं एक दूसरे शख्स ने लिखा कि अगर आपको टिकट नहीं मिला तो वो हार है, अगर मिल गया तो भी आप हार जाएंगी। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग ऐसे थे जो उनको पार्टी बदलने की सलाह दे रहे थे। सीतू शर्मा नाम के शख्स ने लिखा कि ये (पार्टी बदलना) आपके भविष्य के लिए अच्छा है।
कांग्रेस छोड़कर आईं थी बीजेपी में
आपको बता दें कि अदिति सिंह 2017 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं, लेकिन बाद में वो बगावत पर उतर आईं। पिछले साल नवंबर में ही उन्होंने बीजेपी का दामन पकड़ा था। वैसे उनके पिता अखिलेश सिंह अभी भी कांग्रेस में बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications