Basant Panchami 2026: 'जोगीरा सारा रा रा रा', ब्रज में शुरू हुआ होली महोत्सव, राधा-मोहन को क्यों लगा गुलाल?
Basant Panchami 2026: बसंत पंचमी के त्योहार पर मां सरस्वती की पूजा करने का दिन होता है लेकिन ब्रजवासी इसका एक और खास वजह से इंतजार करते हैं और वो वजह है होली, दरअसल यहां पर फाल्गुन से पहले ही होली शुरू हो जाती है, जी हां ब्रज में आज से 40 दिन का होली महोत्सव शुरू हो जाता है। इस दिन लोग राधा-मोहन का खास श्रृंगार करते हैं और विशेष भोग बनाते हैं।
इस बारे में बात करते हुए वृंदावन के संत युवराज शोभित गोस्वामी ने मीडिया से कहा कि 'बसंत पंचमी के दिन ठाकुर जी को पीले रंग का वस्त्र पहनाते हैं और उन्हें बसंत छतरी में विराजमान करते हैं और ये होली तक वहीं रहते हैं। आज से ठाकुर जी के दस्ताने उतर जाते हैं और उनको बसंती कपड़े पहना दिए जाते हैं और ये उनका इसी तरह का शृंगार होली तक किया जाता है।'

उन्हें लाल गुलाल आरती समर्पित किया जाता है और इस वजह से आज से ब्रज होली की शुरुआत हो जाती है। भगवान को बेसन का हलवा, बेसन के मालपुए, कढ़ी जैसे पीले रंग के भोजन के भोग लगते हैं क्योंकि ये बसंत का आगमन का प्रतीक है।
Basant Panchami 2026: बसंत पंचमी से क्यों शुरू होती है ब्रज होली?
हिंदू पंचांग के अनुसार बसंत पंचमी ऋतु परिवर्तन का प्रतीक है। इस दिन प्रकृति में नई ऊर्जा का संचार होता है, सरसों के खेत पीले फूलों से लहलहा उठते हैं और वातावरण उल्लास से भर जाता है। ब्रज में मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपने गोपियों के साथ होली खेलनी प्रारंभ की थी इसलिए बसंत पंचमी से ही मंदिरों में गुलाल उड़ने लगता है और होली गीत गूंजने लगते हैं, जिसका रंग तो बसंती होता है लेकिन मन मयूर हो जाता है।
Basant Panchami 2026: भक्ति और संगीत से सजी ब्रज होली
बसंत पंचमी के दिन से ही ब्रज में फाग, होरी, और धमार गीतों की गूंज सुनाई देने लगती है। राधा-कृष्ण की लीलाओं पर आधारित ये लोकगीत होली के उल्लास को दोगुना कर देते हैं। मंदिरों में कीर्तन, नृत्य और भजन के साथ भक्त भगवान कृष्ण के रंग में रंग जाते हैं।
Basant Panchami 2026: सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व
ब्रज होली केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक भेदभाव को मिटाकर प्रेम, भाईचारे और आनंद का संदेश देता है। बसंत पंचमी से होली तक चलने वाला यह उत्सव ब्रज की आत्मा को दर्शाता है, जहां भक्ति और मस्ती एक साथ दिखाई देती है।












Click it and Unblock the Notifications