Bareilly violence का मास्टरमाइंड निकला मौलाना तौकीर रजा, जानिए पुलिस ने अब तक क्या-क्या कार्रवाई की?
Bareilly violence Update: उत्तर प्रदेश के बरेली में पिछले शुक्रवार को भड़की हिंसा की साजिश के तार मौलाना तौकीर रजा से जुड़ते दिख रहे हैं। प्रशासन और पुलिस ने इस बार तौकीर रजा और उनके करीबियों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई छेड़ दी है। न केवल हिंसा के आरोपी, बल्कि तौकीर रजा से जुड़े नेटवर्क पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
हिंसा के बाद से अब तक 81 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा, तीन आरोपियों को मुठभेड़ (हाफ एनकाउंटर) में पकड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि ड्रोन और सीसीटीवी फुटेज के जरिए और लोगों की पहचान की जा रही है।

बुलडोजर एक्शन से लेकर अब तक क्या कार्रवाई हुई?
पुलिस-प्रशासन ने तौकीर रजा और उनके करीबियों की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है। उनके संस्थान, दुकानों और कॉम्प्लेक्स पर नोटिस चिपकाए जा चुके हैं। एक अवैध कॉम्प्लेक्स को तोड़ने की कार्रवाई भी की गई।
15 साल से माहौल बिगाड़ने के आरोप
तौकीर रजा पर आरोप है कि पिछले पंद्रह वर्षों से बरेली में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिशें होती रही हैं। कई बार उन पर हिंसा भड़काने का आरोप लगा, मगर उनके सहयोगियों तक कार्रवाई नहीं पहुंच पाती थी। इस बार पुलिस ने न केवल तौकीर रजा बल्कि उनके हमदर्दों, दामाद और करीबी नेताओं तक कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है।
शूटर का एनकाउंटर: पैर में गोली
हिंसा के दौरान सक्रिय कई शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा। तौकीर रजा का करीबी एक शूटर पैर में गोली लगने से घायल हुआ और अब लंगड़ाकर चल रहा है। पुलिस का संदेश साफ है कि हिंसा फैलाने वाले अब बख्शे नहीं जाएंगे।
सीबी गंज में बड़ी मुठभेड़
मंगलवार रात सीबी गंज इलाके में पुलिस की बलवाइयों से सीधी भिड़ंत हुई। आरोपी इदरीस और इकबाल को पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। इदरीस पर 20 मामले दर्ज हैं और इकबाल पर 17 मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों शाहजहांपुर के रहने वाले हैं और मास्टरमाइंड नदीम के इशारे पर बरेली पहुंचे थे। इनसे पुलिस ने रायट गन, तमंचे और कारतूस बरामद किए।
मौलाना तौकीर रज़ा के दामाद के घर छापा
पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा की संस्था का दफ्तर सील कर दिया है। उनके दामाद के घर तक छापेमारी हुई। जिन आरोपियों ने हिंसा की योजना बनाई, उनके मकानों और कॉम्प्लेक्स पर नोटिस चिपकाए जा रहे हैं।
प्रवक्ता नफीस खान गिरफ्तार
तौकीर रजा के करीबी और आईएमसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नफीस खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, नफीस खान ने तौकीर रजा का फर्जी पत्र बनाकर 50 से ज्यादा व्हाट्सऐप ग्रुप्स में शेयर किया था। आरोप यह भी है कि उसने ही शुक्रवार सुबह उकसाने वाला वीडियो वायरल किया जिसने हिंसा फैलाने में मुख्य भूमिका निभाई। पुलिस ने नफीस खान के बेटे को भी हिरासत में लिया है।
अब तक की कार्रवाई
- 81 लोग गिरफ्तार
- 3 आरोपी मुठभेड़ में दबोचे गए
- तौकीर रजा के करीबी शूटर को गोली लगी
- संस्था का दफ्तर सील
- दामाद के घर छापा
- अवैध कॉम्प्लेक्स ध्वस्त
- आईएमसी प्रवक्ता नफीस खान और उसका बेटा गिरफ्तार
- ड्रोन और सीसीटीवी से और आरोपियों की पहचान जारी
पहली बार है जब पुलिस ने मौलान तौकीर रजा और उनके नेटवर्क पर इतना कड़ा और व्यापक एक्शन लिया है। प्रशासन का संदेश साफ है कि उपद्रवियों और साजिशकर्ताओं पर अब नकेल कसी जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications