इस शहर की डीएम ने फरियादियों के लिए कर रखा है हाईटेक इंतजाम
बहराइच। दो दिन पूर्व जनपद के जिलाधिकारी का प्रभार लेने के बाद आईएएस माला श्रीवास्तव ने फरियादियों की सुनवाई के लिए हाईटेक व्यवस्था लागू की है। आमजन को उनकी परेशानियों से सम्बंधित शिकायत पत्रों पर होने वाली कार्रवाई की उन्हें जानकारी देने व प्राप्त प्रार्थना पत्रों की रसीद देने का फैसला किया है। फरियादियों की समस्याओं को समयबद्ध ढ़ंग से निस्तारित करने के लिए कम्प्यूटराइज़्ड मैकेनिज़्म डेवलप किया गया है। जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव के निर्देश पर लागू की गई व्यवस्था के तहत जनता दर्शन में प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों को हेल्प डेस्क के माध्यम से ऑनलाइन कर फरियादियों को प्राप्ति रसीद भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस व्यवस्था से फरियादियों द्वारा दिये गये प्रार्थना-पत्र तत्काल ई-मेल के माध्यम से सम्बन्धित अधिकारी को प्रेषित किए जा सकेंगे।

जनता दर्शन में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण रस्म अदायगी न रहे इसके लिए यह भी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक प्रार्थना-पत्र के सम्बन्ध में की गई कार्रवाई को भी ऑनलाइन किया जाएगा। साथ ही उसकी हार्ड कापी प्रार्थना-पत्र के साथ जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इस व्यवस्था से एक लाभ यह होगा कि सम्बन्धित फरियादी भी की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और इससे निःसन्देह गुणवत्ता में सुधार होगा।
जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव के दिशा निर्देश में शीघ्र ही जनपद में फरियादियों के लिए एकल विन्डों व्यवस्था लागू की जाएगी। एकल विन्डों व्यवस्था के प्रभावी हो जाने से किसी भी फरियादी को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। वह एक ही स्थान से प्रस्तुत किए गए प्रार्थना-पत्र अथवा शिकायती पत्र के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट व शिकायत लिपिक को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आई.जी.आर.एस. सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए। शिकायतों का निस्तारण करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि फरियादी सम्बन्धित अधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हो जाए और उसे पुनः उसी समस्या के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर न काटना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications