Azamgarh News: मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गाड़ी छोड़ खुद कीचड़ में चलाई बाइक, आखिर क्यों करना पड़ा ऐसा?
Azamgarh News: बारिश से कीचड़ से लबालब पगडंडी, गाड़ियां फंसने लायक दलदल और बीच में एक मंत्री पैदल चलते हुए। हाथ में बांस का सहारा और पीछे ग्रामीणों की भीड़। यह नजारा शुक्रवार को आज़मगढ़ जिले के खालिसपुर गांव में देखने को मिला।
गांव पहुंचे थे यूपी के पंचायती राज मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर। यहां आग से नुकसान झेलने वाले किसान गुड्डू राजभर के परिवार से मिलने वे खुद पहुंचे। परिजनों का हाल जाना और भरोसा दिलाया कि सरकार मदद पहुंचाएगी।

इस दौरान मंत्री का अंदाज़ सबसे अलग दिखा। काफिला कुछ दूरी पर छोड़ उन्होंने कार्यकर्ता की बाइक उठाई और खुद चलाते हुए गांव में घुसे। आगे रास्ता खराब मिला तो बाइक भी छोड़ दी और पैदल कीचड़ पार करते हुए पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए।
मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को दिया निर्देश
गांव की बस्ती में मंत्री को जानकारी हुई कि यहां न पक्की सड़क है और न ही सीधा रास्ता। ग्रामीणों ने शिकायत की कि कई साल से विकास कार्य अटके पड़े हैं। मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों से कहा कि जल्द सड़क बनाई जाए।
पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद मंत्री ने हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राहत राशि तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी और योजनाओं का लाभ प्राथमिकता पर मिलेगा। परिवार ने भी मंत्री के इस कदम पर राहत की सांस ली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
गांव में पहुंचे मंत्री का यह नजारा लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो कुछ ही घंटों में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया। लोग कहने लगे नेता जब दलदल से गुजरते हैं तभी गांव की असली तस्वीर सामने आती है।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की वहीं कार्यकर्ताओं ने भी कहा कि मंत्री जमीनी नेता हैं और अपने कार्यकर्ता और जनता के हित के लिए वह घर-घर पहुंचते हैं। इसकी चर्चा गांव में खूब हो रही है।
वहीं मंत्री ओपी राजभर ने खुद इसे एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है कि जनपद आज़मगढ़ विधानसभा अतरौलिया अंतर्गत कप्तानगंज स्थित खालिसपुर नईबस्ती निवासी श्री गुड्डू राजभर जी की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लगने के कारण गृहस्थी जलकर राख हो गयी।
समुचित रास्ता न होने के कारण कुछ दूर बाइक की सहायता से व कुछ पैदल चलकर पीड़ित परिजनों के बीच पहुँचे, नुकसान का ज़ायज़ा लिया एवं पीड़ित परिजनों को हर सम्भव मदद व सरकार द्वारा चलाई का रही योजनाओं के माध्यम से क्षतिपूर्ति सहायता दिलाने के प्रति आश्वस्त किया।












Click it and Unblock the Notifications