Ayodhya News: राम मंदिर के गर्भगृह में रखी जाने वाली मूर्ति होगी बेहद खास, चयन की प्रक्रिया भी होगी बेहद कठिन
Ram Mandir Ayodhya: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में अगले महीने होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रामलला (भगवान राम के बाल रूप) की सभी तीन मूर्तियां पूरी तरह से तैयार हैं लेकिन इसमें सबसे खास बात ये है कि इन्हीं तीन मूर्तियों में से एक मूर्ति का चयन रामानंदी संप्रदाय के प्रमुख संतों की ओर से गर्भगृह के लिए किया जाएगा।

श्री राम जन्मभूमि तीरथ क्षेत्र ट्रस्ट ने उस पैनल का गठन किया है जो अगले महीने राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होने वाली तीन मूर्तियों में से एक का चयन करेगा। पूरी संभावना है कि तीनों मूर्तियां चयन प्रक्रिया से गुजरने के लिए 15 दिसंबर से 20 दिसंबर के बीच तैयार हो जाएंगी।
ट्रस्ट अंतिम रूप से चयनित मूर्ति को राम मंदिर के गर्भगृह में रखने से पहले 17 जनवरी, 2024 को एक शोभा यात्रा में अयोध्या के लोगों के सामने रखी जाएगी। 18 जनवरी से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का पांच दिवसीय अनुष्ठान शुरू होगा और 22 जनवरी को समाप्त होगा।
मूर्ति को तराशने के लिए ट्रस्ट ने देश के तीन प्रसिद्ध मूर्तिकारों को शामिल किया है। कर्नाटक के गणेश भट्ट नेल्लिकारु चट्टानों (काले पत्थरों) से मूर्ति बना रहे हैं, जिन्हें भगवान कृष्ण के रंग जैसा होने के कारण 'श्याम शिला' या 'कृष्ण शिला' भी कहा जाता है।
मैसूर के प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज कर्नाटक से प्राप्त एक अन्य चट्टान से मूर्ति बना रहे हैं। योगीराज ने केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की 12 फीट ऊंची प्रतिमा भी बनवाई थी, जिसका अनावरण पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
वह प्रसिद्ध मूर्तिकार योगीराज शिल्पी के पुत्र हैं और मैसूर महल के कलाकारों के परिवार से हैं। अरुण योगीराज ने इंडिया गेट पर लगी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फीट ऊंची काले ग्रेनाइट की मूर्ति भी बनाई है। पीएम ने पिछले साल सितंबर में प्रतिमा का अनावरण किया था। राजस्थान के सत्य नारायण पांडे सफेद मकराना संगमरमर के पत्थरों से मूर्ति गढ़ रहे हैं।
रामलला की तीनों मूर्तियां मुंबई के प्रसिद्ध कलाकार वासुदेव कामथ के स्केच पर आधारित होंगी। उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को राम लला के पेंसिल से बने स्केच भेंट किए थे। कर्नाटक के करकला नामक कस्बे में जन्मे कामथ मुंबई में पले-बढ़े। उनकी रामायण श्रृंखला की 28 पेंटिंग विश्व स्तर पर प्रशंसित हैं। कामथ को पौराणिक कथाओं और ऐतिहासिक विषयों पर आधारित चित्रों के लिए जाना जाता है।
ट्रस्ट के सदस्य कामेश्वर चौपाल ने कहा कि, रामलला के बालस्वरूप पर बनने वाली तीनों मूर्तियां 51 इंच की होगी। इनमें से एक का चयन किया जाएगा। वहीं मूर्ति का चयन करने वाले पैनल के सदस्य महंत कमल नयन दास ने कहा कि मूर्ति पांच साल पुराने राम लला के बालस्वरूप जैसी होगी। तीन में से एक मूर्ति का चयन करना आसान नहीं होगा। लेकिन इसका एक ही मानदंड है कि यह भगवान श्रीराम के दिव्य स्वरूप के काफी करीब होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications