MP News: खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: मध्यप्रदेश पुलिस में फिर शुरू होगी उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती
2021 के संशोधनों के बाद, मध्य प्रदेश प्रतिष्ठित खिलाड़ियों से 10 उप-निरीक्षक और 50 कांस्टेबल की सीधी भर्ती करेगा। गृह विभाग की देखरेख में होने वाली इस प्रक्रिया में ओलंपिक, एशियाई खेल या राष्ट्रमंडल खेल अनुभव वाले खिलाड़ियों के लिए शैक्षणिक और शारीरिक आवश्यकताओं में ढील दी जाएगी, जिसका उद्देश्य स्थानीय खेल को मजबूत करना और स्थिर करियर पथ प्रदान करना है।
मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर राज्य में एक बार फिर मध्यप्रदेश पुलिस में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती शुरू होने जा रही है। इसके लिए गृह विभाग ने ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021’ में महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं। संशोधित नियमों की अधिसूचना 15 जून को जारी कर दी गई है।

नए नियमों के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन, पात्रता और मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया गया है। सरकार का मानना है कि इस कदम से राज्य के खिलाड़ियों को अपने ही प्रदेश में सम्मानजनक रोजगार के अवसर मिलेंगे और उन्हें अन्य राज्यों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
अब खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश पुलिस में 10 उप निरीक्षक और 50 आरक्षक पदों पर सीधी नियुक्ति का अवसर मिलेगा। सरकार हर वर्ष खेल कोटे के तहत नियमित भर्ती प्रक्रिया आयोजित करेगी, जिससे खिलाड़ियों को स्थायी और संरचित अवसर प्राप्त होंगे। इसे राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
संशोधित नियमों के अनुसार पुलिस मुख्यालय हर साल आरक्षक और उप निरीक्षक पदों के लिए रिक्तियों का विज्ञापन जारी करेगा। अब केवल पदक विजेता ही नहीं, बल्कि ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी सीधी भर्ती के पात्र होंगे।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक मापदंड, विशेष रूप से ऊंचाई, में पूर्ण छूट दी जाएगी। इसके अलावा उन्हें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से भी छूट मिलेगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि खेल कोटे के तहत होने वाली नियुक्तियां किसी आरक्षित वर्ग में नहीं, बल्कि अनारक्षित श्रेणी में शामिल की जाएंगी। केवल वही खेल विधाएं मान्य होंगी जो पिछले तीन ओलंपिक खेलों में शामिल रही हों।
उप निरीक्षक पद के लिए कौन होगा पात्र
उप निरीक्षक पद पर नियुक्ति के लिए वे खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप या विश्व चैम्पियनशिप में भाग लिया हो। इन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी पात्र माने जाएंगे।
आरक्षक पद के लिए पात्रता
जो खिलाड़ी उप निरीक्षक पद की पात्रता पूरी करते हैं, वे आरक्षक पद के लिए भी स्वतः पात्र होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों और अधिकृत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी आरक्षक पद के लिए आवेदन कर सकेंगे। सरकार का कहना है कि यह पहल खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ सुरक्षित भविष्य प्रदान करेगी और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।












Click it and Unblock the Notifications