शंकराचार्य केस में पाकिस्तान की एंट्री! आशुतोष ब्रह्मचारी को मारने की कौन रच रहा साजिश? नंबर का खुलासा
Ashutosh Brahmachari Death Threat: उत्तर प्रदेश के शामली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (मथुरा) के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी को जान से मारने की सीधी धमकी दी गई है। यह धमकी किसी स्थानीय अपराधी से नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कोड वाले एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई है।
आरोप है कि कॉल करने वाले ने आशुतोष महाराज और उनके अधिवक्ता को बम से उड़ाने और अपहरण करने की चेतावनी दी है, यदि उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट में दायर अपनी याचिका वापस नहीं ली। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन के कान खड़े कर दिए हैं।

धमकी भरे कॉल के कोड का खुलासा
शामली के कांधला क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (मथुरा) के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज को बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली। चौंकाने वाली बात यह है कि यह धमकी भरा कॉल पाकिस्तान के कोड (+92) वाले नंबर से आया है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अलर्ट मोड पर हैं।
सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने पर मिली धमकी
पूरा विवाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े एक कानूनी प्रकरण से शुरू हुआ है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को दी गई अग्रिम जमानत के खिलाफ 25 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में एक विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की थी। यह मामला नाबालिगों के यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा है।
आशुतोष महाराज ने लगाए गंभीर आरोप?
आशुतोष महाराज का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में इस केस की पैरवी तेज की, उन्हें डराने-धमकाने का सिलसिला शुरू हो गया। शुक्रवार शाम लगभग 5:53 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात विदेशी नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने सीधे शब्दों में कहा कि यदि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से अपनी याचिका वापस नहीं ली, तो उन्हें और उनके अधिवक्ता सौरभ अजय गुप्ता को बम से उड़ा दिया जाएगा या फिर अगवा कर लिया जाएगा।
पाकिस्तान कनेक्शन और पुलिस की कार्रवाई
धमकी मिलने के तुरंत बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने '112' नंबर पर पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय कॉल को देखते हुए शामली के पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल सर्विलांस टीम को एक्टिव कर दिया है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुष्टि की कि जिस नंबर से कॉल आई थी, उस पर पाकिस्तान का कंट्री कोड (+92) प्रदर्शित हो रहा है। उन्होंने बताया कि, 'प्रथम दृष्टया यह मामला कानूनी प्रक्रिया में बाधा डालने और डराने का प्रतीत होता है। अंतरराष्ट्रीय नंबर होने के कारण हम हर पहलू की तकनीकी जांच कर रहे हैं। कॉल डिटेल्स के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को चिन्हित किया जाएगा।'
सुरक्षा की मांग और कानूनी रुख
आशुतोष ब्रह्मचारी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में अपनी और अपने सहयोगियों की जान को गंभीर खतरा बताते हुए अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे धर्म और न्याय की इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल, थाना कांधला पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और महाराज के आवास के आसपास सतर्कता बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियां भी इस कॉल के मूल स्रोत और किसी संभावित स्थानीय कनेक्शन की तलाश में जुट गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications