अवैध संबंध के शक में फौजी ने पत्नी को बच्चों के सामने मार दी गोली
मेरठ। यूपी के मेरठ के टीपीनगर थानाक्षेत्र के नंदिनी कुंज में बुधवार रात मेरठ में तैनात फौजी ने शक में अपनी लाइसेंसी बंदूक से बच्चों के सामने ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर एसपी सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुरेंद्र पाल फौज में नायक है और मेरठ कैंट में तैनात है। उसकी शादी करीब 12 साल पहले पांचली गांव की सविता से हुई थी। उनके दो बच्चे प्रिंस और खुशी हैं। मेरठ में तैनाती के बावजूद करीब दो माह बाद बुधवार शाम को 10 दिनों की छुट्टी लेकर घर आया था।

मोहल्ले के लोगों के मुताबिक वह शराब के नशे में था। रात में उसका पत्नी सविता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक वो पत्नी के चरित्र पर शक करता था। नशे में धुत सुरेंद्र पाल ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक से सविता के सिर में गोली मार दी। सविता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कमरे में दरवाजा बंद होने के चलते बाहर किसी को आवाज नहीं सुनाई दी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद सुरेंद्र ने पांचली गांव में अपने साले रतन को फोन किया। कहा कि तुम्हारा भांजा बीमार हो गया है।
मेरठ आ जाओ। इसी बीच बच्ची चिल्ला उठी कि मम्मी को मार दिया है। मायके वाले वहां पहुंचे तो सविता की खून में लथपथ लाश पड़ी हुई थी। बच्चे रो रहे थे। सविता के भाई ने टीपीनगर पुलिस को सूचना दी। वारदात का पता चलने पर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सविता की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बच्चों ने एसपी सिटी को बताया कि पापा मम्मी को मारने के बाद हम दोनों को भी मारने की बात कह रहे थे। मोहल्ले वालों ने बताया कि सविता बेहद मिलनसार थी। सबकी जुबान पर बस यही बात थी कि इन मासूम बच्चों का अब क्या होगा ।












Click it and Unblock the Notifications