Apna Dal membership: अपना दल का मिशन 2025 शुरू, सदस्यता अभियान से चुनावी जमीन मजबूत करने की तैयारी
Apna Dal membership: बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर अपना दल (सोनेलाल) ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। यह आयोजन गांधी भवन सभागार में हुआ, जहां पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
उन्होंने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने देश को केवल संविधान ही नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बराबरी की दिशा भी दिखाई। उनके विचार आज भी हर भारतीय को प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में लोग अपना दल (एस) की सदस्यता लेने पहुंचे। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भव्य बना दिया।
सामाजिक जागरूकता की पहल
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि यह अभियान सिर्फ संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और समरसता को मजबूत करने की दिशा में कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी में किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को शामिल न किया जाए।
उन्होंने इस मौके पर बाबा साहेब के सामाजिक न्याय संबंधी विचारों को याद दिलाते हुए कहा कि हर पार्टी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वो सामाजिक सौहार्द और समता को प्राथमिकता दे। यही डॉ. अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सदस्यता अभियान चेतना का संचार करेगा
इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष आशीष पटेल भी विशेष अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह सदस्यता अभियान ऐतिहासिक कदम है और यह पूरे प्रदेश में सामाजिक चेतना का संचार करेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अब समय है कि हम सब मिलकर समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ें और बाबा साहेब के सपनों का भारत गढ़ें।
कार्यक्रम में बरेली, शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान कई युवा, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता अपना दल (एस) के साथ जुड़ते नजर आए।
पार्टी पदाधिकारियों ने इसे संगठन की मजबूती के लिए अहम कदम बताया और कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी को इसका लाभ जरूर मिलेगा।
मंच पर दिखी पार्टी की ताकत
कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर उपस्थित रहे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार पाल, पूर्व सांसद नागेंद्र प्रताप सिंह, गिरजेश पटेल, विनोद गंगवार, एस.पी. कुरील, रेखा वर्मा, जय कुमार सिंह जैकी, राम निवास वर्मा और अन्य नेता शामिल थे।
इसके अलावा विधायक डॉ. सुरभि, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य करुणा शंकर पटेल, एससी/एसटी आयोग के सदस्य रमेश कुंडे और जिला अध्यक्ष सुनील पटेल जैसे पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
अपना दल (एस) ने इस कार्यक्रम के जरिए बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में यह भी स्पष्ट हुआ कि पार्टी आने वाले समय में संगठन को और ज्यादा विस्तार देने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications