Aparna Yadav Divorce: 'मैं तलाक दूंगा,औरत ने परिवार बर्बाद किया',अखिलेश के भाई पत्नी अपर्णा से तोड़ेंगे रिश्ता
Aparna Yadav Husband Prateek yadav Divorce: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और उनके पति प्रतीक यादव के रिश्ते में गंभीर दरार की बात खुलकर सामने आ गई है। अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर कहा है कि वो जल्द से जल्द अपनी पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेंगे। प्रतीक यादव ने आरोप लगाया है कि अपर्णा यादव ने उनका परिवार बर्बाद कर दिया है।
इस बयान ने राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों तक को हैरान कर दिया है। हालांकि अपर्णा के भाई ने मीडिया से कहा है कि प्रतीक यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया था। हालांकि प्रतीक और अपर्णा ने अब तक कोई बयान नहीं दिया है।

प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर ऐलान किया कि वह अपर्णा यादव को जल्द तलाक देंगे। पोस्ट में उन्होंने अपर्णा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। प्रतीक ने लिखा कि उनकी पत्नी ने उनका परिवार बर्बाद कर दिया है और वह सिर्फ अपनी पहचान, शोहरत और प्रभाव बढ़ाने में लगी हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस रिश्ते की वजह से उनकी मानसिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, लेकिन अपर्णा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

प्रतीक यादव का पढ़ें पूरा इंस्टाग्राम पोस्ट....
प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर लिखा है,
''मैं इस मतलबी औरत को जल्द से जल्द तलाक देने जा रहा हूं। उसने मेरे परिवार के रिश्ते खराब कर दिए। वह बस मशहूर और प्रभावशाली बनना चाहती है। अभी, मेरी मेंटल हेल्थ बहुत खराब है और उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। क्योंकि उसे सिर्फ अपनी ही चिंता है। मैंने इतनी बुरी औरत कभी नहीं देखी, और मैं बदकिस्मत था कि मेरी शादी उससे हुई।''

अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की 2012 में हुई थी शादी, दो बेटियां हैं
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी साल 2012 में हुई थी। यह शादी काफी चर्चा में रही थी, जिसमें मुलायम सिंह यादव के साथ बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन भी शामिल हुए थे। इस दंपती की दो बेटियां हैं। खास बात यह है कि 4 दिसंबर 2025 को अपर्णा यादव के जन्मदिन पर प्रतीक यादव उनके साथ नजर आए थे, जिससे रिश्तों में खटास की कोई सार्वजनिक झलक नहीं मिली थी।
हाल ही में साथ दिखा था पूरा परिवार
नवंबर 2026 में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव की शादी में भी अपर्णा यादव अपने पति और बेटी के साथ शामिल हुई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें वह पूरे परिवार के साथ खुश नजर आ रही थीं। इन तस्वीरों में अपर्णा और प्रतीक, अखिलेश यादव से मिलते हुए उनके पैर छूते भी दिखे थे।
यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं अपर्णा यादव
बीजेपी से जुड़ी नेता अपर्णा यादव फिलहाल उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर हैं। उनके पति प्रतीक यादव द्वारा किया गया इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसको लेकर लोगों के बीच लगातार चर्चाएं चल रही हैं। अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव की ओर से कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया नहीं आई है।
मुलायम परिवार में बढ़ता तनाव
अब प्रतीक यादव के इस खुले ऐलान ने मुलायम सिंह यादव के परिवार के भीतर चल रही अनबन को सबके सामने ला दिया है। सवाल उठ रहा है कि जब हाल तक सब कुछ सामान्य दिख रहा था, तो अचानक ऐसा क्या हुआ कि मामला तलाक तक पहुंच गया। फिलहाल अपर्णा यादव की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन यह साफ है कि यादव परिवार की यह अंदरूनी कलह अब सार्वजनिक बहस का विषय बन चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications