PICs: पुलिस पर गुस्साए वकीलों ने रोडवेज बस चालक को बेरहमी से पीटा
जाम के दौरान एक रोडवेज बस चालक की अधिवक्ताओं से गाली गलौज हो गई, जिसके बाद सभी वकीलों ने मिलकर रोडवेज बस चालक की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद तो जमकर हंगामा हुआ।
सहारनपुर। महिला दरोगा की बातचीत रिकॉर्ड करना एक वकील को भारी पड़ गया। कोतवाली में जाकर वकील महिला दरोगा से बीतचीत कर रहा था और उसके मोबाइल में ये बातें रिकॉर्ड हो रही थीं। इसी पर पुलिस ने वकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया, जिसके बाद गुस्से में वकीलों ने काम बंद कर बहिष्कार शुरू कर दिया और सड़क पर उतर कर जाम लगा दिया। जाम के दौरान एक रोडवेज बस चालक की अधिवक्ताओं से गाली गलौज हो गई, जिसके बाद सभी वकीलों ने मिलकर रोडवेज बस चालक की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद तो जमकर हंगामा हुआ, पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया।


दरअसल दीवानी कचहरी के एक वकील हेमंत मित्तल किसी मामले में सदर बाजार कोतवाली गए थे। जहां पर उन्हें चौकी इंचार्ज शैली राणा मिली। हेमंत मित्तल अपना मोबाइल निकाल कर शैली राणा से वार्ता करने लगे और मोबाइल को रिकॉर्ड पर लगा दिया। अधिवक्ता की ये बात दरोगा शैली राणा को नागवार गुजरी और उन्होंने रिकॉर्डिंग करने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में कुछ कहासुनी भी हुई थी। दरोगा ने ये बात अपने वरिष्ठ अधिकारियों को बताई तो एसपी सिटी के आदेश पर अधिवक्ता के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया गया। इसके बाद दोपहर दीवानी कचहरी के सभी अधिवक्ता इकट्ठा हुए और दीवानी कचहरी तिराहे पर जाम लगाकर विरोध करने लगे।


सभी अधिवक्ता दीवानी कचहरी पर जमा थे कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सहारनपुर डिपो की बस संख्या यूपी 11टी-07772 का चालक बस स्टैंड जा रहा था, दीवानी कचहरी पर अधिवक्ताओं ने उसे रोक लिया और गाली गलौज शुरू हो गई। सभी अधिवक्ताओं ने बस चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि मामला शांत करा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कोतवाली में जाकर अभद्र व्यवहार करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, इसी कारण अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है, इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications