मेरठ में अमित शाह ने पेश किया योगी सरकार का रिपोर्ट कार्ड, अखिलेश और मायावती को दी खुली बहस की चुनौती
लखनऊ, जनवरी 22। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को वेस्ट यूपी के दौरे पर थे। शामली जिले के कैराना में अमित शाह ने बीजेपी उम्मीदवार के लिए प्रचार किया तो वहीं मेरठ में अमित शाह ने 'प्रभावी मतदाता संवाद' कार्यक्रम को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने यूपी सरकार के 5 साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया।

अखिलेश-मायावती को अमित शाह की खुली चुनौती
अमित शाह ने इस दौरान कहा कि आज मैं यूपी में बीजेपी के 5 साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहा हूं, साथ ही अखिलेश और मायावती को आंकड़ों के आधार पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। अमित शाह ने इस दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 20-25 सालों से प्रदेश की जनता सिर्फ गुमराह करने का काम किया गया है, जो भी पार्टी सत्ता में आई, उसने एक ही वर्ग के लिए काम किया है। दूसरे ने समाज के दूसरे वर्ग के विकास के लिए काम किया, लेकिन बीजेपी ने यूपी के समग्र विकास के लिए काम किया है।
रेप के मामलों में आई 52 फीसदी की कमी- अमित शाह
अपने संबोधन में अमित शाह ने योगी सरकार के रिपोर्ट कार्ड को पेश करते हुए कहा कि 2016 की तुलना में आज डकैती में 70 फीसदी की कमी हुई है, जबकि लूटपाट की घटनाओं में 69 फीसदी, हत्या में 32 फीसदी, दंगों में 86 फीसदी, दहेज हत्या में 22 फीसदी और रेप के मामलों में 52 फीसदी की कमी आई है।
अमित शाह ने इस दौरान कहा कि मैं जनता से अनुरोध करता हूं कि वोट ये देखकर दें कि आपके क्षेत्र का भाग्य कौन बदल सकता है। अमित शाह ने कहा कि यूपी में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद 1.67 करोड़ माताओं को पहली बार मुफ्त गैस सिलेंडर और गैस स्टोव दिया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत, हमारी सरकार ने अब तक लगभग 2.48 करोड़ किसानों को 32,500 करोड़ रुपये की राशि दी है।












Click it and Unblock the Notifications