यूपी: इलाहाबाद में एक ही परिवार के चार लोगों की नृशंस हत्या
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। हत्या की सूचना पर सोराव थाना की पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटना स्थल से साक्ष्यों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

घटना इलाहाबाद के सोरांव थाना क्षेत्र के बिगहिया इलाके में हुआ है। यहां कमलेश देवी (52) के साथ उनके दामाद प्रताप नारायण (35), पुत्री किरण उर्फ रिंकी (32) तथा नाती विराट (5) साथ रहते थे। बीती रात इन सभी की गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्या किस कारण से हुई है यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या की जांच में जुटी है।

धारदार हथियार से हुआ है हमला
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर शवों को देखने पर यह पता चल रहा है कि उन पर धारदार हथियार से हमला हुआ है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एसएसपी की मानें तो जिस इलाके में वारदात हुई उस ओर आधी रात तक स्थानीय पुलिस गश्त कर रही थी। गस्त से लौटने के बाद ही लगभग रात 2:00 बजे के आस-पास वारदात को अंजाम दिया गया होगा। फिलहाल मौके पर जांच पड़ताल के लिए फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंच चुकी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पूरे इलाके में हड़कंप
एक ही परिवार के चार लोगों की नृशंस हत्या से एक ओर जहां पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। गांव में माहौल बिगड़ने की संभावना को देखते हुए एहतियातन गांव में भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले में पुलिस पड़ोसियों व रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है हलाकि अभी तक कोई खास क्लू नहीं मिल सका है।
ये भी पढ़ें: शाहजहांपुर: दो गुटों में फायरिंग, सपा नेता के रिश्तेदार समेत तीन की हत्या












Click it and Unblock the Notifications