इलाहाबाद: हत्या के बाद वीडियो बनाने की जगह मदद करते लोग तो बच सकती थी वकील की जान, VIDEO
इलाहाबाद। इलाहाबाद के सबसे भीड़-भाड़ वाले इलाके मनमोहन पार्क कटरा चौराहे पर एक अधिवक्ता को दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या दी गई। अधिवक्ता खून से लथपथ सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन आश्चर्य की बात रही कि सैकड़ों की भीड़ में कोई एक भी मदद के लिए आगे नहीं आया। लोग वीडियो बनाते रहे, अफसोस जताते रहे, कानून और सरकार पर सवाल उठाते रहे, लेकिन अधिवक्ता की जान बचाने के लिये खुद एक कदम आगे नहीं बढ़ा सके। किसी के द्वारा वकील की मदद ना करना निश्चित तौर पर यह एक अमानवीय दृश्य था, उस समय खून से लथपथ वकील को अगर मदद पहुंचाई जाती और अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद जान बचाई जा सकती थी।

मिली जानकारी के मुताबिक इलाहाबाद जनपद न्यायालय के अधिवक्ता राजेंद्र श्रीवास्तव आज (गुरुवार) को अपने निवास स्थान से कोर्ट की ओर जा रहे थे इसी बीच कुछ बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिन दहाड़े हुई इस वारदात को कर्नलगंज के मनमोहन पार्क क्षेत्र के पास हुई।

हत्या क्यों की गई है और किसने इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया है इसकी अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं दूसरी और मामले की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस और पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हत्या के बाद से गुस्साए वकीलों ने उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इतना ही नहीं वकीलों ने डीएम ऑफिस के पास एक बस में आग लगा दी।

गोली लगने के बाद सड़क पर ही अधिवक्ता लहूलुहान होकर गिर पड़े और तड़पने लगे। आश्चर्य की बात यह रही कि आसपास सैकड़ों दुकानें हैं, हजारों राहगीर आते जाते रहे, लेकिन किसी ने भी उनकी मदद करने की जहमत नहीं उठाई। मानवीय आधार पर ही सही लोगों को मदद के लिए आगे आना चाहिए था, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया और अधिवक्ता की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications