'जनता ये झूठा नाटक पहले भी देख चुकी है', तमंचे के साथ युवक की गिरफ्तारी पर अखिलेश यादव का हमला
उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी ऑन कैमरा युवक को तमंचे के साथ पकड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब इस वीडियो पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शनिवार को यूपी पुलिस के कैमरे के सामने एक युवक को गिरफ्तार करने का वीडियो पोस्ट किया है। इसी के साथ अखिलेश ने सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना भी साधा।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा- "सत्ताधारियों के तमंचाजीवी जब दूसरों को जान की धमकी देंगे तो आम जनता डरकर खुद की सुरक्षा के लिए तमंचा लेकर चलने लगेगी। इस वीडियो में पुलिस का नाटकीय तरीका बता रहा है कि किसी लिखी पटकथा का फिर से 'नाट्यमंचन' हो रहा है। जनता ये झूठा नाटक पहले भी देख चुकी है।"
दरअसल, कानपुर पुलिस ने अपनी कार्रवाई के दौरान एक युवक को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया, जिसका वीडियो उन्होंने एक और पुलिसकर्मी से बनवाया। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'इसका हाथ ठीक से पकड़ो मैं वीडियो बना रहा हूं। फिर क्लिप में एक पुलिस अधिकारी को यह कहते हुए सुना गया कि "तुम वीडियो बनाओ, मैं पकड़ रहा हूं..''।
इतना ही नहीं वीडियो में वे आरोपी से उसका नाम और पिस्टल रखने का कारण पूछते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। जिसमें युवक बताता है कि जान से मारने की धमकी मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications