Akhilesh Yadav बोले- किसानों के साथ धोखा कर रही भाजपा, खाद की बोरियों में भी अब नहीं रहा भरोसा
Akhilesh Yadav statement: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में देश आर्थिक और सामाजिक आपातकाल से गुजर रहा है। व्यापारी वर्ग डर और दबाव में कारोबार करने को मजबूर है।
अखिलेश ने लखनऊ में मीडिया से बातचीत में कहा कि यह दौर व्यापारियों के लिए किसी इमरजेंसी से कम नहीं है। उन्होंने कहा, "यह नई इमरजेंसी है, जिसमें सरकार बिचौलियों और मुनाफाखोरों को फायदा पहुंचा रही है, जबकि असली कारोबारी संघर्ष कर रहे हैं।"

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के चलते देश की 35 हजार एमएसएमई इकाइयां बंद हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टैक्स सिस्टम ने निवेशकों और व्यापारियों के मन में भय का माहौल बना दिया है।
टैक्स के नाम पर वसूली, हर व्यापारी बना निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा की चंदा नीति को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि निवेश से पहले ही नजराना और कमीशन मांगा जा रहा है। इस तरह के नियमों से ईमानदार व्यापारी पूरी तरह टूट चुके हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि व्यापारियों को जीएसटी के झूठे नोटिस भेजे जा रहे हैं। जो कोई इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है, उस पर लगातार छापे डाले जाते हैं। टैक्स का डर दिखाकर कारोबारियों को चुप कराया जा रहा है।
माफिया की सूची वाराणसी और गोरखपुर की भी जारी करें
सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार में एकमात्र नीति सेटलमेंट की है। जो सरकार के मुताबिक नहीं चलता, उसे परेशान किया जाता है। व्यापार में ईमानदारी अब सजा बन चुकी है।
अखिलेश ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, "जो लोग आईना लेकर भाषण देते हैं, उन्हें हर जिले में माफिया दिखता है, लेकिन अपने गढ़ों की सूची छुपाते हैं।" उन्होंने मांग की कि माफिया की सूची वाराणसी और गोरखपुर की भी जारी की जाए।
शायराना तंज: "है चमचम बोरी नकली माल, भाजपा जैसा खाद का हाल"
रविवार को अखिलेश ने सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए एक वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा, "है चमचम बोरी नकली माल, भाजपा जैसा खाद का हाल।" इस पोस्ट में उन्होंने खाद में मिलावट को लेकर सवाल उठाए।
वीडियो में दिखाया गया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी बोरियों में नकली खाद बेची जा रही है। सपा प्रमुख ने इसे सरकार की लापरवाही का नतीजा बताया और कार्रवाई की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications