पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम तो अखिलेश ने केंद्र सरकार को घेरा, बताया क्यों लिया गया ये फैसला
पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम तो अखिलेश ने केंद्र सरकार को घेरा, बताया क्यों लिया गया ये फैसला
लखनऊ, 23 मार्च: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद से ही पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में इजाफा हुआ है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरते हुए तीखा हमला बोला है। अखिलेश ने कहा, 'सरकार की गलत नीतियों की वजह से पेट्रोल-डीज़ल लगातार महंगा हो रहा है।'

अखिलेश यादव बुधवार 23 मार्च को राम मनोहर लोहिया की जयंती पर लखनऊ स्थित लोहिया पार्क पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर अखिलेश ने मीडिया से बात करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा,
महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और सरकार कहती है कि पेट्रोल-डीज़ल पर उसका नियंत्रण नहीं है। सरकार की गलत नीतियों की वजह से पेट्रोल-डीज़ल लगातार महंगा हो रहा है। बड़े उद्योगपतियों और कारोबारियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार ये फैसला ले रही है।
इससे पहले अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कहा था कि, 'जनता को दिया भाजपा सरकार ने महंगाई का एक और उपहार... लखनऊ में रसोई गैस सिलेंडर हुआ हज़ार के पास और पटना में हज़ार के पार! चुनाव ख़त्म, महंगाई शुरू...।' आपको बता दें कि आज एक बार फिर से सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल में 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है और ऐसी आशंका जताई जा रही है कि ये बढ़ोत्तरी लगातार जारी रहने वाली है।
Recommended Video
रसोई गैस के दामों में हो चुका है इजाफा
आपको बता दें कि चुनाव बाद रसोई गैस के दामों में भी इजाफा हो चुका है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर पर एक साथ 50 रुपए का इजाफा कर दिया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के अंदर रसोई गैस की कीमत 957 रुपए हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications