Varanasi Airport पर Air India Express के एक यात्री की पिस्तौल से चली गोली, दो घायल कर्मचारी कौन?
Air India Express Gunshot: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार (16 अगस्त 2026) सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हथियारों की जांच के दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई जाने वाली फ्लाइट के एक यात्री की पिस्तौल से अचानक गोली चल गई।
इस घटना में एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच का काम कर रहे दो कर्मचारी घायल हो गए। इनमें एक महिला और एक पुरुष कर्मचारी शामिल हैं। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) की फ्लाइट IX-1810 से यात्री मुंबई जाने वाला था। वह अपनी पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था। यात्री ने सुरक्षा जांच के दौरान अधिकारियों को बताया कि उसके पास हथियार है। इसके बाद उसके पास मौजूद पिस्तौल की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्तौल से गोली चल गई। बताया गया कि गोली पहले जमीन पर लगी और इसके बाद उसके छर्रे या टुकड़े दो कर्मचारियों को जा लगे। घटना में दोनों कर्मचारी घायल हो गए। आइए विस्तार से जानते हैं कि कौन हैं वो, जो घायल हुए? कैसे क्या हुआ?
दो AAI-CIASL कर्मचारी घायल
दरअसल, गोली चलने की घटना में AAI-CIASL के दो सिक्योरिटी स्क्रीनिंग अधिकारी घायल हुए हैं। इनमें एक महिला सुमन और एक पुरुष कर्मचारी रोहित बताए जा रहे हैं। घायल कर्मचारियों को तत्काल इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अस्पताल में दोनों का उपचार कराया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों को गोली लगने से चोटें आई हैं। घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला और यात्री को हिरासत में लेकर मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई।
मुंबई जाने वाली फ्लाइट में करना था सफर
बताया जा रहा है कि संबंधित यात्री अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई जाने वाली फ्लाइट IX-1810 में यात्रा करने वाला था। सुरक्षा जांच के दौरान यात्री ने खुद अधिकारियों को हथियार के बारे में जानकारी दी थी। हालांकि, पिस्तौल से गोली किस परिस्थिति में चली और यात्री के पास हथियार रखने की अनुमति थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Varanasi Airport Director ने क्या बताया?
वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। घटना की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यात्री हथियार लेकर एयरपोर्ट तक कैसे पहुंचा और जांच के दौरान पिस्तौल से गोली चलने की वजह क्या थी?
जांच में सामने आएंगे कई सवाल
इस घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यात्री के पास मौजूद हथियार की जांच के दौरान पिस्तौल से गोली कैसे चली? जांच एजेंसियां यात्री के हथियार के लाइसेंस, उसे लेकर यात्रा करने की अनुमति और सुरक्षा जांच के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की भी जांच कर सकती हैं। इसके साथ ही एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications
