Lucknow Airport पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की क्यों इमरजेंसी लैंडिंग? 155 यात्रियों की सांसें अटकी!
Air India Express Emergency Landing Lucknow Airport: वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को गुरुवार (3 सितंबर) सुबह तकनीकी गड़बड़ी के बाद लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ना पड़ा। विमान के कार्गो होल्ड में धुआं होने का अलार्म सक्रिय होने के बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान उतारने की अनुमति मांगी। हालांकि, लैंडिंग के बाद हुई शुरुआती जांच में विमान के अंदर न तो धुआं मिला और न ही आग के कोई संकेत दिखाई दिए।
फ्लाइट IX 1253 ने वाराणसी एयरपोर्ट से करीब सुबह 8 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद ही कार्गो होल्ड में लगे स्मोक डिटेक्शन सिस्टम का अलार्म बज उठा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने जोखिम लेने के बजाय विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला किया।

8.52 बजे लखनऊ में उतरा विमान
एयर इंडिया एक्सप्रेस के इस विमान में 155 यात्री सवार थे। विमान ने सुबह करीब 8.52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के पहुंचते ही एयरपोर्ट की बचाव टीम, दमकलकर्मी और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जरूरी सुरक्षा जांच शुरू की।
सूत्रों के मुताबिक, करीब 9.02 बजे सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद विमान को आगे की तकनीकी जांच के लिए हैंगर में ले जाया गया।
जांच में नहीं मिला धुआं या आग का संकेत
लखनऊ एयरपोर्ट पर प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान विमान के अंदर धुएं या आग के कोई संकेत नहीं मिले। अब तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कार्गो होल्ड का स्मोक अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ। अलार्म के सक्रिय होने के पीछे वास्तविक तकनीकी कारण सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता के मुताबिक, चालक दल ने तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियाती कदम उठाया और विमान को लखनऊ डायवर्ट किया। विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और यात्रियों को एयरपोर्ट पर जलपान उपलब्ध कराया गया।
एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को उनके गंतव्य दिल्ली तक पहुंचाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल तकनीकी जांच जारी है और स्मोक अलार्म के सक्रिय होने की वजह का पता लगाया जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
