परिजन कर रहे थे अंतिम संस्कार की तैयारी, अचानक 'मृत भाजपा नेता' ने खोल दी आंखें
Agra news in hindi: आगरा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने एक निजी हॉस्पिटल की लापरवाही की पोल खोलकर रख दी है।
Agra bjp leader news: अक्सर आपने ऐसी खबरें सुनी होंगी कि किसी बुजुर्ग शख्स की मौत हुई और जैसे ही उसके परिजन उसे अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट लेकर पहुंचे, तो अचानक वो शख्स जिंदा हो गया। अब, यूपी के आगरा में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है।
आगरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष 65 वर्षीय महेश बघेल की तबीयत रविवार रात को अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उनके परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद महेश बघेल को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि महेश बघेल के अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। उनके निधन की खबर सुनते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और नाते-रिश्तेदार महेश बघेल के अंतिम दर्शनों के लिए घर पहुंचने लगे। अगले दिन यानी सोमवार को परिजन उनके अंतिम संस्कार की तैयारी कर ही रहे थे कि तभी किसी ने महेश बघेल के शरीर में हरकत देखी। इसके बाद देखते ही देखते महेश बघेल ने आंखें खोलीं और हर कोई इस 'चमत्कार' को देखकर हैरान रह गया।
इसके बाद महेश बघेल के परिजन फौरन उन्हें लेकर एक दूसरे प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचे, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनके सीने में एक इंफेक्शन है और आगे की जांच की जा रही है।
'हमारे लिए तो जैसे चमत्कार ही हो गया'
महेश बघेल के बेटे अभिषेक और अंकित ने बताया, 'जब हमारे पिता होश में आए और उन्होंने आंखें खोलीं तो हमारे लिए तो जैसे चमत्कार ही हो गया।' वहीं, बघेल के भाई लखन सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'डॉक्टरों ने तो बोल दिया था कि मेरा भाई अब जीवित नहीं है, लेकिन हम उन्हें घर लाए तो ये चमत्कार हुआ और हम खुश हैं कि हमारे भाई अब हमारे बीच हैं।'












Click it and Unblock the Notifications