साथी की हत्या के खिलाफ भड़के वकील, बीच रोड में लगाई बेंच, बोले हिम्मत है तो कोई आगे जाकर दिखाए
इलाहाबाद। इलाहाबाद में हुई वकील लालबचन सोनी की हत्या का मामला तूल पकड़ने लगा है और लगातार तीसरे दिन अधिवक्ताओं ने कचहरी से लेकर सड़क तक हंगामा काटा। आज दोपहर सोरांव तहसील के अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद प्रतापगढ़ मार्ग में डेरा डाल दिया और बेंच लगाकर रोड पर ही बैठ गए। मुख्य मार्ग पर चक्का जाम हो जाने के कारण वाहनों की लंबी कतार सड़क पर लग गई और भयंकर दूध के बीच हजारों लोग सैकड़ों वाहन के साथ फंस गए। अधिवक्ता तत्काल मुआवजे की मांग पर अड़े हैं और ऐलान कर दिया कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक रास्ता नहीं देंगे। खबर जिला मुख्यालय पहुंची तो पुलिस प्रशासन के भी हाथ पांव फूलने लगे। आनन-फानन में अधिकारियों का काफिला चक्काजाम छुड़ाने व वकीलों से वार्ता करने के लिये रवाना हुआ है।

वकीलों में उबाल
प्रदर्शन कर रहे वकीलों का कहना है कि पिछले 46 दिनों में चार अधिवक्ताओं की गोली मारकर हत्या कोई सामान्य घटनाक्रम नहीं है। लेकिन सरकारी तंत्र गूंगा बन बैठा है। बता दें, एक पखवाड़े के अंदर सोरांव तहसील के दो अधिवक्ताओं की भी हत्या हुई है। जिसके बाद सोरांव तहसील के अधिवक्ता में भारी गुस्सा है और उनका आक्रोश उबल कर आज सड़क पर नजर आ रहा है। वकील अपने साथियों को लगातार निशाना बनाए जाने की घोर निंदा कर रहे हैं और प्रशासन की शिथिल कार्रवाई पर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।

देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
सोरांव में इलाहाबाद प्रतापगढ़ मार्ग पर पिछले एक घंटे से जमे वकीलों ने सड़क पर ही अपनी सभा भी शुरू कर दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर पुलिस मुखिया तक को खरी खोटी सुनाई। वकीलों ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है और कानून के रखवालों को ही मौत के घाट उतारा जा रहा है। वकीलों ने कहा कि वह अपनी आवाज से विधानसभा से CM की कुर्सी तक हिला देंगे और तत्काल अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो यह प्रदर्शन सिर्फ इलाहाबाद में ही नहीं पूरे यूपी और पूरे देश में होगा। फिलहाल वकीलों के चक्काजाम के चलते इलाहाबाद प्रतापगढ़ मार्ग पर आवागमन ठप है और लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

क्या है मामला
इलाहाबाद के नवाबगंज इलाके के रहने वाले एडवोकेट लालबचन सोनी सोरांव तहसील में वकालत करते थे, उसके साथ ही जिला कचहरी व हाईकोर्ट में भी केस देखते थे। सोमवार को वह घर से सोरांव तहसील के लिए बाइक से निकले थे और नेशनल हाईवे से तहसील की ओर बढ़ रहे थे कि रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन पर पीछे से हमला किया उनकी पीठ पर दो गोलियां मारी गईं। वारदात के पीछे एक केस की पैरवी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ केस लड़ रहे वकील को कई बार धमकी मिली थी और इसकी शिकायत भी उन्होंने पुलिस से की थी, लेकिन लापरवाह पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया और वकील को अब अपनी जान गंवानी पड़ी है।
ये भी पढ़ें -कैदियों के पाप धोने के लिए योगी सरकार जेलों में खोलेगी गोशाला












Click it and Unblock the Notifications