'शर्म आती है ऐसे', खंडहर में कीचड़ से सनी बच्ची को एक्ट्रेस दिशा पटानी की बहन खुशबू ने बचाया, नाम रखा राधा
Khushboo Patani Rescues Girl Child: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने एक मासूम बच्ची की जान बचाकर इंसानियत की मिसाल पेश की है। खुशबू पाटनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए इसकी जानकारी साझा की।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बच्ची खंडहर जैसी जगह में कीचड़ से लिपटी हुई रो रही है। दावा किया गया है कि किसी ने इस मासूम को उनके (खुशबू) घर के पीछे बने खंडहर में फेंक दिया था। जिसकी आवाज सुनने के बाद खुशबू और उसकी मां वहां पहुंची।

बच्ची की हालत देख भावुक हुईं खुशबू
खुशबू पटानी ने बताया कि उनकी मां ने सबसे पहले बच्ची के रोने की आवाज सुनी थी। जब वे मौके पर पहुंचीं, तो देखा कि बच्ची बुरी तरह कीचड़ में सनी हुई थी और जोर-जोर से रो रही थी। उन्होंने बच्ची को उठाया, साफ किया और तुरंत उसे दूध पिलाया।
वीडियो में उन्होंने बच्ची के शरीर पर मौजूद घाव भी दिखाए और कहा, "अगर आप बरेली से हैं और ये आपकी बच्ची है, तो बताइए इसे यहां क्यों छोड़ दिया गया? शर्म आती है ऐसे मां-बाप पर।"
बच्ची को नाम दिया 'राधा', अब पुलिस की निगरानी में
खुशबू पाटनी ने इस बच्ची का नाम 'राधा' रखा और कहा कि वह आगे भी उसकी देखरेख करती रहेंगी। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि बच्ची को सही इलाज मिले और उसे बरेली पुलिस के हवाले कर दिया, ताकि उसकी सुरक्षा और कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित हो सके।
खुशबू ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, "जाको राखे साइयां, मार सके न कोय। मुझे उम्मीद है कि अधिकारी बच्ची का ख्याल रखेंगे और सभी नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।"
इसी के उन्होंने सरकार और जनता से भी अपील। खुशबू पाटनी ने अपने पोस्ट में बरेली पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को टैग करते हुए अपील की और लिखा, "प्लीज हमारे देश में बालिकाओं को बचाइए! कब तक चलेगा ये सब? मैं इस बात का ख्याल रखूंगी कि बच्ची सही हाथों में जाए और उसकी जिंदगी समृद्ध हो।"
खुशबू पाटनी बनी मानवता की मिसाल
खुशबू पाटनी का यह कदम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उनकी बहादुरी और संवेदनशीलता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications