Abhay Pratap Singh: नेहा सिंह राठौर पर केस करने वाले कवि को धमकी, बोले फोन करने वाला- ज्यादा नेता मत बनो
Abhay Pratap Singh News: लखनऊ के चर्चित कवि अभय प्रताप सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। लोकगीत गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज कराने के बाद अब उन्हें जान से मारने की धमकी मिलने लगी है। कवि का कहना है कि दिल्ली नंबर से दो बार फोन आया और धमकाया गया कि बहुत नेता मत बनो, यह ठीक नहीं है।
अभय प्रताप सिंह ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम की है, जब वह कठौता चौराहे पर अपने एक मित्र के साथ खड़े थे। तभी उनके मोबाइल पर कॉल आया, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले के बारे में सवाल किए गए। फोन करने वाले ने तीखी भाषा में कहा कि यह नेतागिरी ठीक नहीं चल रही है और इसके अंजाम भुगतने होंगे।

कवि के मुताबिक, जब उन्होंने कॉलर से उसका नाम पूछने की कोशिश की तो बदले में गाली-गलौज शुरू हो गई। उन्होंने तुरंत फोन काट दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद वही नंबर से दोबारा कॉल आया। जांच करने पर पता चला कि नंबर दिल्ली का है। उसके बाद वे काफी परेशान हो गए।
पुलिस में की गई शिकायत, अभी तहरीर का इंतजार
अभय प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से संपर्क किया। हजरतगंज के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि कवि ने फिलहाल मौखिक शिकायत की है और लिखित तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं नेहा सिंह राठौर के खिलाफ केस दर्ज कराने के बाद से ही कवि अभय को सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, धमकी मिलने के बाद उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है।
नेहा सिंह राठौर का वीडियो भेजा गया फोरेंसिक जांच में
इधर, नेहा सिंह राठौर के उस वीडियो को पुलिस ने फोरेंसिक लैब भेज दिया है, जिसके आधार पर उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की गहराई से जांच की जा रही है ताकि यह तय हो सके कि उसमें देशद्रोह जैसा कोई तत्व मौजूद है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।
एलयू शिक्षिका पर भी देशद्रोह का केस
इस बीच, लखनऊ यूनिवर्सिटी की शिक्षिका माद्री काकोटी के खिलाफ भी देशद्रोह का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने उनके पोस्ट और वीडियो का परीक्षण शुरू कर दिया है। एबीवीपी नेता जतिन शुक्ला ने भी बयान दर्ज कराए हैं और साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद तय होगा कि शिक्षिका माद्री काकोटी के खिलाफ क्या अगला कदम उठाया जाए।












Click it and Unblock the Notifications