नवजात को लेकर 4 अस्पताल भटका पिता, इलाज के अभाव में महज 6 घंटे ही जी सका मासूम
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा से एक नवजात बच्चे की मौत का दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। बच्चे के जन्म के बाद उसके पिता उसे बाइक पर लेकर अस्पताल गए। मगर, वहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती नहीं किया। फिर वह एक और अस्पताल गए, उन्होंने भी नहीं मदद की। इसी तरह पिता 4 अस्पताल भटकता रहा। मगर, कोई मदद को आगे नहीं आया। जन्म लेने वाला बच्चा महज 6 घंटे ही जी सका। उसकी मौत हो गई।

6 घंटे की ही रह गई जिंदगी, मौत
बच्चे के पिता ने रास्ते में अपना एक वीडियो रिकॉर्ड किया। जिसमें उसने आपबीती बयां की और रोने लगा। पिता ने कहा- 'मैंने एक के बाद एक कई अस्पताल पहुंचकर गुहार लगाई। डॉक्टर यही कहते रहे आगे ले जाओ, आगे ले जाओ। मैं रात को 9 बजे से लेकर 6 बजे तक बाइक पर लेकर घूम रहा हूं बच्चे को लेकर। कोई मदद करने वाला नहीं। इस मासूम की क्या गलती है? इसे देखिए जरा। कोई मदद करो इसकी। किसने मारा इसे? सरकार ने, पुलिस ने, डॉक्टरों ने या मैंने मारा?'

वायरल हुआ पिता की आपबीती का वीडियो
यह वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल होने लगा तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हरकत में आए। जिसके बाद प्रशासन की तरफ से जांच के आदेश दिए गए और अस्पताल को नोटिस भेजा गया। इस मामले में यह भी सामने आया है कि, बच्चे के पैदा होने के बाद परिजनों ने एंबुलेंस को संपर्क किया था। मगर, नहीं आई। जिसके उपरांत बाइक पर खुद ही बच्चे को लेकर रवाना हुए। 4 अस्पताल में भटकने के बाद मासूम की मौत हो गई।

मरने के बाद भी एंबुलेंस नहीं मिली
शर्मनाक बात यह भी है कि, बच्चे की मौत के बाद भी परिवार को एंबुलेंस नहीं मिली। पिता बाइक पर ही अपने बच्चे का शव लेकर लौटे। उस दौरान रास्ते में उन्होंने जो वीडियो रिकॉर्ड किया था,वो सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ। ग्रेटर नोएडा में नवजात की इस तरह मौत होने से अस्पतालों पर सवाल उठ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications