भागवत कथा में आई दलित महिला को गाली देकर भगाया, 5 के खिलाफ केस दर्ज
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात रसूलाबाद में नारखुर्द गांव में भागवत पंडाल में आरती के लिए आई अनुसूचित वर्ग की महिला की थाल छीनकर फेंक दी गयी और महिला को वहां से भगा दिया गया जिसके बाद दलित महिला ने थाने जाकर पांच लोगों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अपमानित करने, जातिसूचक अपशब्दों के प्रयोग व धमकी देने का आरोप लगा तहरीर दी। रसूलाबाद पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दलित महिला ने हिन्दू होने के चलते मंदिर में पूजा न करने देने पर मुस्लिम धर्म अपनाने की धमकी दी।

मामला कानपुर देहात के नारखुर्द गांव का है जहां गांव में भागवत कथा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी गांव की रहने वाली अनुसूचित वर्ग की महिला जय देवी ने बताया कि गांव में हर साल भागवत कथा का आयोजन किया जाता है, इस समय भी गाांव में भागवत कथा चल रही है। हर साल की तरह वह भी भागवत कथा सुनने गई थीं, जब आरती का समय आया तो सभी लोग भागवत में आरती कर रहे थे, वह भी आरती करने के लिए थाल में प्रसाद, फूल, घी का दीपक आदि लेकर व्यास गद्दी पर पहुंची तो भागवत कथा का आयोजन करा रहे गांव के ही वहां मौजूद कुछ लोगो ने उसकी थाली छीनकर दूर फेंक दी, साथ ही इन लोगों ने जातिसूचक अपशब्द कहने के साथ उसको जान से मारने की धमकी भी दी।

वहीं पीड़ित महिला ने बताया कि हम हिन्दू हैं, हिन्दू होने नाते मंदिर की पूजा करेंगे, न कि मस्जिद में...अगर हमें मंदिर में पूजा करने से रोका गया तो वो मजबूर होकर मुस्लिम धर्म अपना लेगी। इसके बाद वो पीड़ित महिला थाने पहुंची और 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस के आलाधिकारी ने बताया कि महिला को भागवत में आरती करते समय कुछ लोगों ने थाली फेंककर अपमानित किया था। महिला की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications