इनामी बदमाश गले में तख्ती लटकाकर पहुंचा थाने, 'मैं कसम खाता हूं कभी अपराध नहीं करूंगा'
अमरोहा। उत्तर प्रदेश पुलिस का खौफ बदमाशों के सिर पर किस कदर हावी हुआ है इसकी बानगी अमरोहा में देखने को मिली है। यहां 12 हजार रुपए का इनामी बदमाश गले में तख्ती लटकाकर आत्मसमर्पण करने के लिए थाने पहुंच गया। बदमाशों को अपने एनकाउंटर का डर सता रहा था। बदमाश ने हाथ जोड़कर कहा कि 'मैं कसम खाता हूं कभी अपराध नहीं करूंगा'।

सम्भल जनपद का रहने वाला फैजान कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उस पर कई संगीन वारदातों के मुकदमे भी दर्ज हैं। अमरोहा के थाना हसनपुर में 2014 में फैजान के ऊपर लूट का मुकदमा दर्ज हुआ था जिसकी वजह से 2014 से वह लगातार फरार था। अमरोहा पुलिस ने उस पर 12 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। फैजान कभी पुलिस के हाथ नहीं लग सका और बुधवार को अचानक अमरोहा अपर पुलिस अधीक्षक आफिस पहुंच कर अपर पुलिस अधीक्षक से आत्मसमर्पण कर दिया।

फैजान गले में कभी अपराध न करने की तख्ती लटकाकर एसएसपी आफिस पहुंचा था। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर फैजान को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि सरेंडर करने वाला इनामी बदमाश फैजान 2014 से फरार चल रहा था। हसनपुर पुलिस को लूट के मामले में उसकी तलाश थी। एसपी ने बताया कि उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications