यूपी: दीपावली मनाने के लिए घर जा रहे कार सवारों की सड़क हादसे में हुई मौत, एक की हालत गंभीर
प्रतापगढ़। यूपी में दीपावली के दिन एक भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है। मामला नगर कोतवाली के मोहनगंज बाजार का है, जहां एक ट्रक और कार की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक शख्स को गंभीर रूप में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस घटना की मुख्य वजह ड्राइवर की लापरवाही को बताया जा रहा है। चालक को गाड़ी चलाते समय नींद आना ही इस घटना की वजह बनी है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को हिरासत में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

बता दें कि कार सवार लोग दिल्ली से अमेठी अपने घर दीपावली मनाने के लिए लौट रहे थे। गाड़ी में सवार सभी अमेठी और प्रतापगढ़ के निवासी हैं। यह हादसा इतना जोरदार था कि इससे ट्रक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। इस घटना के बाद से ट्रक डाइवर फरार है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया साथ ही आगे की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक इसी कार में कार का मालिक राहुल सिंह भी सवार था। वह गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद सभी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। राहुल सिंह ने बताया दिल्ली से चलने पर गाड़ी वही चला रहा था। अठेहा के पास से गाड़ी कमलेश चलाने लगा। मोहनगंज में आने के बाद कमलेश को झपकी आ गई जिस कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस हादसे में जान गंवाने वालों में अमेठी जिले के गौरीगंज थाना क्षेत्र के एधी गांव निवासी लल्लू, अमेठी जिले के ही मैदापुर नसीराबाद निवासी संदीप तथा बाघराय थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव निवासी कमलेश कुमार शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications